हिस्ट्रीशीटर ने सिपाही से मांगी रंगदारी, न देने पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, कार में भी की तोड़फोड़, पीएसी जवानों ने बचाई जान
मुरादाबाद के अर्श मलिक इटावा के महौला जेल में सिपाही के पद पर तैनात हैं. मंगलवार यानी 03 फरवरी रात वह शहर की रजा मस्जिद से इशा की नमाज पढ़ने के बाद जेलर की कार से महौला जेल लौट रहे थे. उनकी गाड़ी किसीरा मोड़ के पास पहुंची, तभी एक कार ने सामने आकर रास्ता रोक लिया. कार से निकले युवक ने सिपाही से रंगदारी मांगी. पुलिस वाले को दौड़ाकर पीटा. साथ ही गाड़ी में भी तोड़फोड़ की.
इटावा में उस समय अफरा तफरी मच गई जब नमाज पढ़कर लौट रहे महौला जेल में तैनात एक सिपाही को हिस्ट्रीशीटर बदमाश ने रास्ते में रोककर रंगदारी मांगी. मना करने पर सिपाही को दौड़ा दौड़ाकर मारा. फिर उसकी कार में तोड़फोड़ की. मौके से गुजर रहे पीएसी जवानों की सूझबूझ से सिपाही की जान बच सकी. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.
नमाज के बाद लौटते समय रोकी गई गाड़ी
मुरादाबाद के थाना छजलेट क्षेत्र के कुरीरवाना गांव निवासी अर्श मलिक महौला जेल में सिपाही के पद पर तैनात हैं. मंगलवार यानी 03 फरवरी रात वह शहर की रजा मस्जिद से इशा की नमाज पढ़ने के बाद जेलर की कार से महौला जेल लौट रहे थे. जैसे ही उनकी गाड़ी किसीेरा मोड़ के पास पहुंची, तभी एक कार ने सामने आकर रास्ता रोक लिया.
रंगदारी न देने पर हमला और तोड़फोड़
कार से उतरे युवक ने खुद को सिकंदर यादव निवासी किसीेरा बताते हुए सिपाही से रंगदारी की मांग शुरू कर दी. सिपाही ने जब मना किया और खुद को जेल कर्मी बताया, तो आरोपी भड़क गया. उसने गाली गलौज करते हुए कार के शीशे तोड़ दिए और वाहन को नुकसान पहुंचाया. इसके बाद सिपाही को बाहर खींचकर सड़क पर दौड़ा दौड़ा कर पीटा.
पीएसी जवानों की सूझबूझ से बची जान
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए. उसी समय वहां से गुजर रहे पीएसी जवानों ने हालात बिगड़ते देख बीच बचाव किया और घायल सिपाही को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया. आरोपी इसके बाद भी हमला करने की कोशिश करता रहा. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सिपाही को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया.
हिस्ट्रीशीटर आरोपी गिरफ्तार
पीड़ित सिपाही की तहरीर पर पुलिस ने रंगदारी, मारपीट, धमकी और तोड़फोड़ की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया. थाना प्रभारी अमित मिश्रा के अनुसार आरोपी सिकंदर यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. आरोपी थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पहले से मारपीट, लूट और धमकी समेत 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं.
