अखिलेश के सांसदों को तोड़ना कितना मुश्किल? जानें सियासी दावों और हकीकत के बीच क्या है सच
उत्तर प्रदेश में 2027 चुनाव से पहले सपा सांसदों के दल-बदल की अफवाहें तेज़ हैं. भाजपा सहयोगी दलों के दावे हैं कि कई सपा सांसद पार्टी छोड़ सकते हैं. हालांकि, समाजवादी पार्टी इसे विपक्ष पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने की रणनीति मानती है. आइए जानते हैं इसपर राजनीतिक विश्लेषकों का क्या मानना है.
उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले एक नया सियासी नैरेटिव तेजी से उभर रहा है. समाजवादी पार्टी सांसदों के दल-बदल की अफवाहें तेज़ हैं. सवाल यह है कि क्या सपा के भीतर वास्तव में टूट का खतरा मंडरा रहा है या फिर यह भाजपा और उसके सहयोगी दलों की ओर से विपक्षी खेमे पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने की रणनीति है?
इस बहस की शुरुआत तब हुई जब भाजपा के सहयोगी दल के नेता और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के करीब 30 सांसद कभी भी पार्टी छोड़ सकते हैं. इसके बाद उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने भी दावा किया कि कुछ सांसद उनके संपर्क में हैं.
क्या वास्तव में सपा में इतनी बड़ी टूट संभव है?
इन बयानों के बाद प्रदेश की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया. विपक्षी दलों में हाल के वर्षों में हुई टूट, चाहे पश्चिम बंगाल में टीएमसी के भीतर असंतोष की खबरें हों या महाराष्ट्र में शिवसेना के विभाजन का मामलो ने ऐसे दावों को और हवा देने का काम किया है. लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या वास्तव में समाजवादी पार्टी में इतनी बड़ी टूट संभव है?
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मौजूदा परिस्थितियों में यह आसान नहीं है. इसकी सबसे बड़ी वजह 2024 लोकसभा चुनाव में सपा का मजबूत प्रदर्शन है. पार्टी ने यूपी में भाजपा को कड़ी चुनौती दी और खुद को सबसे मजबूत विपक्षी ताकत के रूप में स्थापित किया. ऐसे समय में बड़ी संख्या में सांसदों का पार्टी छोड़ना जोखिम भरा फैसला माना जाएगा.
सांसद केवल राजनीतिक लाभ में निर्णय नहीं लेते
वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र कुमार के मुताबिक, सांसद केवल तत्काल राजनीतिक लाभ देखकर निर्णय नहीं लेते, बल्कि अपने क्षेत्रीय जनाधार, कार्यकर्ताओं और भविष्य की चुनावी संभावनाओं को भी ध्यान में रखते हैं. समाजवादी पार्टी का कोर वोट बैंक और संगठनात्मक ढांचा अभी भी मजबूत माना जाता है, जिससे बड़े पैमाने पर टूट की संभावना सीमित दिखती है.
दिलचस्प बात यह है कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने 17 जून को सपा पार्टी कार्यालय ही में कहा था कि भाजपा से लड़ने के लिए मजबूत साथियों की जरूरत होती है और जो कमजोर होंगे, वही पार्टी छोड़कर जाएंगे. हालांकि उनका यह बयान टीएमसी और शिवसेना में हुई टूट के संदर्भ में पूछे गए सवाल के जवाब में था, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसकी अलग-अलग व्याख्या की गई.
सपा ने इसे मनोबल गिराने की कोशिश बताया
वहीं समाजवादी पार्टी ने भाजपा और उसके सहयोगी दलों के सभी दावों को सिरे से खारिज किया है. पार्टी प्रवक्ता सुनील सुनील सिंह यादव है कि यह विपक्ष को कमजोर दिखाने और उसके कार्यकर्ताओं का मनोबल गिराने की कोशिश है. सपा नेताओं का आरोप है कि भाजपा जानबूझकर ऐसा माहौल बना रही है ताकि राजनीतिक विमर्श का केंद्र बदला जा सके.
राजनीतिक विश्लेषकों नरेंद्र कुमार श्रीवास्तव कहते कि फिलहाल सपा में बड़े स्तर पर टूट के स्पष्ट संकेत नहीं दिखाई देते. लेकिन राजनीति में धारणा भी उतनी ही महत्वपूर्ण होती है जितनी वास्तविकता. ऐसे में संभव है कि आगामी चुनावों से पहले “टूट” का नैरेटिव लगातार उछाला जाए, ताकि विपक्षी एकता और संगठनात्मक मजबूती पर सवाल खड़े किए जा सकें.
