‘पुलिस से ज्यादा बिजली विभाग का डर’, गाजीपुर में दुकानदार की आत्महत्या पर भड़के सांसद अफजाल अंसारी
गाजीपुर में बिजली बिल से परेशान होकर एक पान दुकानदार ने आत्महत्या कर ली. सांसद अफजाल अंसारी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की. साथ ही विभाग के आतंक की कड़ी निंदा की. उन्होंने कहा कि पुलिस से ज्यादा बिजली विभाग का डर हो गया, जहां वसूली के नाम पर लाखों का जुर्माने लगाया जा रहा है.
गाजीपुर में बिजली बिल से परेशान होकर एक पान दुकानदार ने आत्महत्या कर ली. इस बीच समाजवादी पार्टी के सांसद अफजाल अंसारी गुरुवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात करने पहुंचे. इस दौरान उन्होंने विभाग के आतंक की कड़ी निंदा की. कहा कि पुलिस से ज्यादा बिजली विभाग का डर हो गया है, जहां जुर्माने की बात कर आम लोगों को डराया जा रहा है.
सपा सांसद ने कहा कि व्यवस्था चलाने वाले लोग आम जनता को इतना डरा दे और धमक दें कि वह अपने जीवन लीला समाप्त कर दे. इससे बड़ी दुर्भाग्य की और क्या बात हो सकती है. उन्होंने कहा, ‘अब बिजली विभाग के पाप का घड़ा भर चुका है. अगस्त में विद्युत सलाहकार समिति की बैठक में, जिसका अध्यक्ष मैं खुद गाजीपुर सांसद हूं, यह मुद्दा उठाएंगे.’
‘गांव-मोहल्ले में घुसकर लोगों को डराते हैं’
अफजाल अंसारी ने कहा कि व्यवस्था चलाने वाले लोगों के सिस्टम से परिवार का मुखिया इतना नाराज हुआ और अपने जीवन लीला समाप्त कर ली, ताकि वह खुद और परिवार के लोग उत्पीड़न से बच सके. आए दिन आउटसोर्सिंग के द्वारा रखे गए कर्मचारी गांव और मोहल्ले में घुसकर अपने मोबाइल से वीडियो बनाकर लोगों को जुर्माने के लिए डराते हैं.
उन्होंने कहा कि गांव में लोग चंदा मांग-मांग कर बिजली विभाग के अधिकारियों को दे रहे हैं. ताकि उनके यहां जला ट्रांसफार्मर बदला जाए और वह भीषण गर्मी से बच सके. विद्युत सलाहकार समिति की बैठक में इस मामले को रखूंगा कि इस व्यक्ति का क्या लौटाया जा सकता है? क्योंकि जो चला गया वह लौटेगा नहीं, लेकिन बिजली विभाग का आतंक खत्म होना चाहिए.
पुलिस से ज्यादा बिजली विभाग का डर- सांसद
सपा सांसद ने कहा कि आधी रात को पुलिस भी छापा मारती है तो लोग उतना नहीं डरते हैं. क्योंकि पुलिस वाले दो थप्पड़ मारेंगे, गाली देंगे और चले जाएंगे. लेकिन बिजली वाले पहले लाल नोटिस भेज रहे हैं और उसके बाद FIR अलग से कर रहे हैं और जुर्माना भी लाखों में कर रहे हैं. बिजली विभाग बेलगाम हो चुके हैं, भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं.
गाजीपुर की मिर्जापुर ग्राम सभा के मुरादचक गांव में रहने वाले पान विक्रेता सुरेंद्र कश्यप ने सोमवार को 1.85 लाख के बिजली बिल से परेशान होकर आत्महत्या कर ली थी. सुरेंद्र के पास से सुसाइड नोट भी मिला था, जिसमें बिजली विभाग पर परेशान करने का आरोप था. वहीं, इस मामले में जेई, दरोगा और हेड कांस्टेबल पर FIR दर्ज हुई है.
