गर्मियों में रेलवे की सौगात, यूपी-बिहार के लिए 4 समर स्पेशल ट्रेनें; जाने कहां-कहां स्टॉपेज

रेलवे ने यूपी और बिहार के लिए समर स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है. गर्मियों की भीड़ को देखते हुए दो जोड़ी समर स्पेशल ट्रेनें शुरू की हैं. गोमती नगर-कोलकाता और उधना-जयनगर के बीच चलने वाली ये ट्रेनें भीड़ को नियंत्रित करेंगी, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.

सांकेतिक तस्वीर

गर्मी की छुट्टियों में बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है. उत्तर प्रदेश और बिहार के यात्रियों के लिए चार नई समर स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है. इन विशेष ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को भीड़ से राहत मिलेगी और लंबी दूरी की यात्रा अधिक सुगम होगी. ये गोमती नगर-कोलकाता और उधना-जयनगर के बीच चलेंगी.

पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के सीपीआरओ सुमित कुमार के मुताबिक, इन ट्रेनों के चलने से खासतौर पर यूपी और बिहार के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी. दो जोड़ी नई ट्रेनों में गोमती नगर-कोलकाता समर स्पेशल (05064/05063) और उधना-जयनगर अनारक्षित समर स्पेशल (09091/09092) शामिल है. ये ट्रेनें दो-दो फेरों में संचालित होगी.

गोमती नगर-कोलकाता समर स्पेशल ट्रेन रूट

गोमती नगर-कोलकाता समर स्पेशल ट्रेन 22 और 29 अप्रैल 2026 को गोमती नगर से तथा 23 और 30 अप्रैल को कोलकाता से चलेगी. गोमती नगर से यह ट्रेन (05064) सुबह 8:40 बजे खुलेंगी, जो गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, हाजीपुर, बरौनी, झाझा, आसनसोल और बर्द्धमान होते हुए अगले दिन दोपहर 1:10 बजे कोलकाता पहुंचेगी.

वहीं, वापसी में कोलकाता से यह ट्रेन (05063) 15:20 बजे रवाना होगी. अपने निर्धारित रूट पर चलते हुए यह ट्रेन अगले दिन शाम 6:30 बजे लखनऊ के गोमती नगर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी. इस ट्रेन में कुल 19 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें जनरल, स्लीपर और एसी थर्ड क्लास शामिल हैं.

उधना-जयनगर अनारक्षित समर स्पेशल ट्रेन रूट

दूसरी ट्रेन 09091/09092 उधना-जयनगर अनारक्षित समर स्पेशल है, जो गोरखपुर के रास्ते चलेगी. यह ट्रेन 19 अप्रैल 2026 को उधना से रवाना होगी और 22 अप्रैल को जयनगर से वापसी करेगी. यह ट्रेन उधना से रात 9:40 बजे प्रस्थान करेगी, जो वडोदरा, कोटा, आगरा, कानपुर, गोंडा और गोरखपुर होते हुए तीसरे दिन शाम 7:00 बजे जयनगर पहुंचेगी.

वापसी में यह ट्रेन (09092) जयनगर से 22 अप्रैल को शाम 5 बजे खुलेगी, जो गोरखपुर, कानपुर, आगरा, कोटा और वडोदरा के रास्ते तीसरे दिन दोपहर 12:30 बजे उधना पहुंचेगी. इस ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे, और सभी कोच अनारक्षित श्रेणी के होंगे. इन ट्रेनों से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को अधिक सीटें और सफर आरामदायक होंगी.

दिलदारनगर जंक्शन पर चार स्पेशल ट्रेनों का ठहराव

वहीं, रेल मंत्रालय ने समर सीजन में यात्रियों की सुविधा के लिए दिलदारनगर जंक्शन पर दो नई समर स्पेशल ट्रेनों के ठहराव को मंजूरी दी है. इससे अब स्टेशन पर कुल चार विशेष ट्रेनों का ठहराव रहेगा. नई दिल्ली–दानापुर आरक्षित स्पेशल (04088) नई दिल्ली से शाम 3:50 बजे खुलकर प्रयागराज होते हुए सुबह 9:42 बजे दिलदारनगर पहुंचेंगी.

साथ ही दिलदारनगर जंक्शन पर मदार-अजमेर-पटना साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का भी ठहराव होगा. ट्रेन संख्या 09601, 23 अप्रैल से 9 जुलाई तक कुल 12 फेरे लगाएगी और मदार से चलकर शाम 3:45 बजे दिलदारनगर पहुंचेगी. वहीं 09602 ट्रेन 24 अप्रैल से 10 जुलाई तक पटना से चलकर 12:43 बजे दिलदारनगर पहुंचेगी.

Follow Us