BJP के बूथ अध्यक्ष ने वापस लिए फॉर्म 7, अल्पसंख्यकों के नाम काटने के लिए BLO को दिए थे; TV9 की खबर से हड़कंप
जौनपुर में बीजेपी बूथ अध्यक्ष राम कुमार गुप्ता ने 17 अल्पसंख्यक मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाने के लिए BLO को फॉर्म 7 दिए थे. BLO शाशिबाला उपाध्याय ने इसका खुलासा कर दिया, जिससे प्रदेश भर में हड़कंप मच गया. पूर्व सीएम अखिलेश यादव के आरोपों की पुष्टि होने के बाद, बूथ अध्यक्ष ने फॉर्म वापस ले लिए हैं.
उत्तर प्रदेश के जौनपुर में बीजेपी के बूथ अध्यक्ष राम कुमार गुप्ता ने BLO शाशिबाला उपाध्याय को दिए प्रिंटेड फॉर्म 7 वापस ले लिए हैं. उन्होंने 17 अल्पसंख्यक मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से काटने के लिए प्रिंटेड फॉर्म 7 बीएलओ को दिए थे. हालांकि बीएलओ ने इसे सब्मिट नहीं किया था, बल्कि TV9 से बातचीत करते हुए इस धांधली का खुलासा कर दिया था. चूंकि इसी तरह के आरोप पूर्व सीएम और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने लगाए थे, इस लिए प्रदेश स्तर पर हड़कंप मच गया है.
जौनपुर के शाहगंज विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी के बूथ अध्यक्ष राम कुमार गुप्ता ने पिछले दिनों 17 अल्पसंख्यक मतदाताओं के नाम काटने के लिए फॉर्म 7 भरकर बीएलओ को दिए थे. बूथ अध्यक्ष ने बीएलओ पर दबाव बनाया था कि ये सपा के वोटर हैं और इनके नाम काटने जरूरी हैं. हालांकि बीएलओ ने इन फॉर्म पर कार्रवाई करने से मना कर दिया था, लेकिन दबाव बनाने पर उन्होंने फॉर्म अपने पास रख लिया था. वहीं जब बीएलओ ने इसका खुलासा टीवी9 भारतवर्ष के सामने ऑन कैमर किया तो ना केवल जिले में, बल्कि पूरे प्रदेश में हड़कंप मच गया.
एसडीएम की जानकारी में था मामला
इसकी जानकारी होने पर शाहगंज के उप जिला निर्वाचन अधिकारी / उपजिलाधिकारी कुणाल गौरव ने भी सफाई दी. उन्होंने बताया था कि इसकी जानकारी उन्हें पहले ही मिल चुकी है, लेकिन सभी बीएलओ को प्रशिक्षित किया गया है. उन्हें सख्त निर्देश दिया गया है कि किसी के भी प्रभाव में आए बिना वोटर लिस्ट में सुधार करना है. गड़बड़ी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. एसडीएम के इस बयान और प्रदेश स्तर पर हुई किरकिरी के बाद बूथ अध्यक्ष राम कुमार गुप्ता ने सोमवार को बीएलओ से मिलकर उन्हें दिए सभी 17 फॉर्म वापस ले लिए हैं.
अखिलेश यादव ने लगाए थे आरोप
इससे पहले सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने BJP के पदाधिकारियों पर सपा को समर्थन करने वाले मतदाताओं को चिन्हित कर उनके नाम कटवाने के आरोप लगाए थे. अखिलेश यादव ने साफ तौर पर कहा था कि बीजेपी के पदाधिकारी इसके लिए बीएलओ को प्रिंटेड फॉर्म बांट रहे हैं. हालांकि उस समय सरकार और बीजेपी ने अखिलेश यादव के बयान का विरोध किया था, लेकिन बीएलओ के इस खुलासे से अखिलेश यादव के बयान की पुष्टि हो गई.
BLO ने कर दी पुष्टि
सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के इस बयान की पुष्टि BLO शशिबाला उपाध्याय ने की. उन्होंने टीवी9 को बताया था कि उन्हें बीजेपी के बूथ अध्यक्ष राम कुमार गुप्ता ने फॉर्म दिए थे. कहा था कि उन्हें पार्टी की तरफ से ये फॉर्म 7 बीएलओ को देने के लिए आए हैं. हालांकि मामले का खुलासा होने के बाद उन्होंने फॉर्म वापस ले लिए हैं. बीएलओ ने कहा कि उन्होंने पहले फार्म सबमिट करने से मना कर दिया था.
