अपराधी की गिरफ्तारी पर थाने को धमकी… जौनपुर में SHO संग रील बनाने वाले यूट्यूबर पर FIR
जौनपुर में एक यूट्यूबर ने थानेदार संग 'भौकाल' वाली रील बनाकर सुर्खियां बटोरीं. उस पर एक वांक्षित अपराधी को संरक्षण देने का आरोप है. अपराधी की गिरफ्तारी से वह इतना बौखला गया कि सीधे थाने को ही धमकी दे डाली. अब यूट्यूबर को थानेदार की दोस्ती भारी पड़ गई है, पुलिस ने उसके खिलाफ FIR किया है.
जौनपुर पुलिस इन दिनों अपने कार्यशैली के चलते लगातार सुर्खियों में हैं. इस बार सिकरारा थाने के इंस्पेक्टर उदय प्रताप सिंह की एक यूट्यूबर से यारी पूरे थाने पर भरी पड़ गई. दरअसल, इंस्पेक्टर के करीबी यूट्यूबर ने सिकरारा और तेजीबाजार थाने में दर्ज दो मुकदमों के वांक्षित अभियुक्त को गिरफ्तार करने से नाराज हो गया और थाने को ही धमकी दे डाली.
यूट्यूबर ने जौनपुर पुलिस को ही धमकी देते हुए बड़ा चैलेंज दे डाला है. सोशल मीडिया पर वायरल धमकी के कथित ऑडियो में आरोपी ने कहा है कि अब या तो वह रहेगा या तो थाना रहेगा. वहीं, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा उसके ऊपर आठ मुकदमे दर्ज हैं. फिलहाल, पुलिसकर्मी की तहरीर पर आरोपी यूट्यूबर पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है.
इंस्पेक्टर से यारी, पिता-पुत्र बताकर डालता रील्स
दरअसल, यूट्यूबर आजाद यादव सिकरारा थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह का बेहद करीबी है. वह इंस्पेक्टर के साथ थाने के अंदर भौकाल वाले गाने के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर डालता था. इतना ही नहीं चापलूसी में आरोपी इंस्पेक्टर को अपना पिता तक बताता था. इंस्पेक्टर की मेहरबानी से थाने के अन्य पुलिसकर्मियों को वह कुछ नहीं समझता था.
आरोप यूट्यूबर इसी भौकाल की आड़ में अपराधियों को संरक्षण देता था. सिकरारा और तेजी बाजार थाना क्षेत्र के हुई अपराधिक घटनाओं में वांछित रोहित गौतम को अपनी गाड़ी में साथ लेकर चल रहा था. यानि जिसे तेजीबाजार थाने की पुलिस ढूंढ रही थी और सिकरारा थाने में जो वांछित था उसे यूट्यूबर आजाद यादव अपने साथ लेकर घूमता था.
अपराधी के परिजनों के साथ हाइवे जाम की कोशिश
पुलिस को जब अपराधियों के साथ आजाद यादव के संपर्क में होने की जानकारी मिली तो उसे साथ न रखने की चेतावनी दी थी. लेकिन उसने उसी दिन फेसबुक पर आरोपी के साथ एक फोटो पोस्ट किया था. इस बीच गुरुवार को पुलिस ने जब वांछित रोहित गौतम को गिरफ्तार कर थाने ले जाने लगी तो यूट्यूबर पुलिस के खिलाफ वीडियो बनाकर वायरल लगा.
यूट्यूबर ने अपने पोस्ट में लिखा कि पुलिस उसकी गाड़ी से रोहित को गिरफ्तार करके जबरदस्ती थाने ले जा रही है. इतना ही नहीं आरोपी की गिरफ्तारी होते ही उसके परिजन के साथ यूट्यूबर सिकरारा थाने पर पहुंच गया. महिलाओं द्वारा हाइवे जाम करने की कोशिश की गई. हालांकि, महिला पुलिसकर्मियों की मदद से महिलाओं को हाइवे से हटाया गया.
मैं रहूंगा या तुम्हारा थाना रहेगा- फोन पर धमकाया
पुलिस पर तमाम गंभीर लगाते हुए यूट्यूबर द्वारा कई वीडियो वायरल किए गए. साथ ही गिरफ्तार करने वाले कांस्टेबल को फोन करके धमकी दे डाली. सोशल मीडिया पर वायरल कथित ऑडियो में आरोपी यूट्यूबर आजाद बोला: गुरु बहुत गलत किए हो.. अब आज से हमारी तुम्हारी दुश्मनी शुरू…. इसे चेतावनी समझो या धमकी… अब या तो मैं रहूंगा या तुम्हारा थाना रहेगा.’
वहीं, पुलिस ने यूट्यूबर आजाद यादव के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है. अब देखना होगा कि थाने के अंदर पिता पुत्र के संबंधों वाली भौकाली रील शूट कराने वाले थाना प्रभारी आरोपी से कहां तक संबंध निभाते हैं. जौनपुर एसपी कुंवर अनुपम सिंह थाने के अंदर रील शूटिंग वाले रोग से ग्रसित पुलिसकर्मियों का इलाज करने में कितने कामयाब होंगे?
