ग्रेटर नोएडा में ED की बड़ी कार्रवाई, ग्रैंड वेनिस मॉल के मालिक मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अरेस्ट
ग्रेटर नोएडा में स्थित ग्रैंड वेनिस मॉल के मालिक को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया गया है. यह कार्रवाई PMLA के तहत हुई है. उन पर निवेशकों से करोड़ों रुपये हड़पने और फंड डायवर्ट करने का आरोप है. सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में यह बड़ी कार्रवाई की है.
प्रवर्तन निदेशालय यानी ED के लखनऊ जोनल कार्यालय ने ग्रेटर नोएडा स्थित प्रसिद्ध ग्रैंड वेनिस मॉल के मालिक सतिंदर सिंह भसीन को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार कर लिया है. यह गिरफ्तारी 29 मई 2026 को धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत की गई. इससे पहले ही उनकी 44 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच हो चुकी है.
गिरफ्तारी के बाद सतिंदर सिंह भसीन को विशेष पीएमएलए अदालत, गाजियाबाद में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें 6 जून 2026 तक ईडी की हिरासत में भेज दिया है. ग्रैंड वेनिस मॉल के मालिक पर निवेशकों से करोड़ों रुपये हड़पने और फंड डायवर्ट करने का आरोप है. सुप्रीम कोर्ट ने 15 मई को ईडी को उन्हें हिरासत में लेने के निर्देश दिए थे.
समन की अनदेखी, जांच में नहीं कर रहे थे सहयोग
ईडी के अनुसार, जांच के दौरान सतिंदर सिंह भसीन लगातार एजेंसी द्वारा जारी किए गए समन की अनदेखी कर रहे थे और जांच में सहयोग नहीं कर रहे थे. इस मामले में पहले ही उनकी दिल्ली के राजौरी गार्डन स्थित आवासीय संपत्ति अटैच हो चुकी है. एजेंसी के अनुसार, इस संपत्ति का वर्तमान बाजार मूल्य करीब 44.06 करोड़ रुपये से अधिक है.
ईडी की जांच की शुरुआत यूपी पुलिस द्वारा दर्ज कई एफआईआर के आधार पर हुई थी. ये मामले भसीन इन्फोटेक एंड इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड (BIIPL), ग्रैंड वेनिस समूह की कंपनियों, सतिंदर सिंह भसीन, क्विंसी भसीन और अन्य आरोपियों के खिलाफ दर्ज किए गए थे. FIR में निवेशकों से करोड़ों रुपये हड़पने और फंड डायवर्ट करने का आरोप है.
निवेशकों के पैसे का बड़े पैमाने पर किया दुरुपयोग
ईडी की जांच में सामने आया कि निवेशकों और आम जनता से जुटाई गई धनराशि का उपयोग परियोजनाओं के निर्माण और विकास में करने के बजाय समूह की विभिन्न कंपनियों और सहयोगी संस्थाओं के नेटवर्क के जरिए दूसरी जगहों पर स्थानांतरित और खर्च किया गया. एजेंसी का आरोप है कि इस तरह निवेशकों के पैसे का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग किया गया.
