2 मिनट के अंदर मारे 40 बेल्ट… एक रूम में 8 लोगों को ठहरने नहीं देने पर होटल मैनेजर को बुरी तरह पीटा

झांसी में एक रूम में 8 लोगों को ठहरने नहीं देने पर युवकों ने होटल मैनेजर को बुरी तरह से पीट दिया.  1 मिनट 59 सेकेंड के अंदर मैनेजर को तकरीबन 40 बेल्ट मारे गए.बचाने आए दो कर्मचारियों को भी युवकों ने लात-घूंसों से पीटा.

झांसी होटल फाइट

झांसी में शराब के नशे में धुत युवकों ने जमकर बवाल काटा. मामला यहां के नवाबाद थाना क्षेत्र के जेल चौराहा के पास का है. दरअसल, 8 युवक एक होटल में 15 फरवरी की रात करीब 10 बजकर 20 मिनट पर कमरा लेने पहुंचे. वे एक ही कमरे में सभी 8 लोगों को ठहराने की बात कर रहे थे. मैनेजर ने ऐसा करने से मना कर दिया. फिर क्या युवकों ने मैनेजर की बुरी तरह पिटाई कर दी. युवकों की दबंगई का लाइव तमाशा सीसीटीवी में कैद हो गया.

एक ही कमरे में 8 लोगों को ठहराने की जिद करने लगे युवक

मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ के रहने वाले घनेंद्र सिंह ठाकुर का झांसी में ‘विकास’ नाम से एक होटल है. यह होटल पिछले 7 महीने से संचालित हो रहा है. घनेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि 15 फरवरी की रात 2 युवक काउंटर पर आए. एक ही कमरे में 8 लोगों को ठहराने की जिद करने लगे. मैनेजर ने नियमों का हवाला देते हुए साफ कहा कि दो कमरे मिल सकते हैं. कुल किराया 1600 रुपये होगा. बस, यही बात युवकों को नागवार गुजर गई.

1 मिनट 59 सेकेंड में मारे 40 बेल्ट

युवकों ने गाली-गलौज करते हुए मैनेजर पर ताबड़तोड़ बेल्ट बरसाने शुरू कर दिए. वायरल हुए 1 मिनट 59 सेकेंड के सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि युवकों ने मैनेजर को गिराकर बेरहमी से पीटा. इतने वक्त में मैनेजर को तकरीबन 40 बेल्ट मारी गई. बचाने आए दो कर्मचारियों को भी युवकों ने लात-घूंसों से पीटा गया. कुछ युवक काउंटर पर चढ़ गए. एक ने पत्थर से सीसीटीवी को तोड़ दिया. हालांकि, तब तक पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई.

पुलिस ने किया 3 आरोपियों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई. नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव ने बताया कि 3 आरोपियों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर चालान किया गया है. हालांकि होटल मालिक ने अभी तक तहरीर नहीं दी है. पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलते ही आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, युवकों की दबंगई से मैनेजर सदमे में हैं. पूरे इलाके के होटल व्यवसायी पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.