फेसबुक पर दोस्ती, फिर कोर्ट में लव मैरिज; डेढ़ साल में क्यों प्रेमी से कातिल बना पति

उत्तर प्रदेश के झांसी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. फेसबुक पर दोस्ती के बाद लव मैरिज करने वाली शिवानी की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई है. आरोप है कि पति यश ठाकुर ने शादी के डेढ़ साल बाद घरेलू विवादों के चलते इस वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

सांकेतिक तस्वीर, इमेज सोर्स: AI

उत्तर प्रदेश के झांसी में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. यहां सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के आवास विकास कॉलोनी में सोमवार की सुबह एक 27 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थिति में हत्या हो गई थी. उसका शव शव उसके घर के ही कमरे में बिस्तर पर मिला था. घटना के बाद से ही उसका पति यश ठाकुर फरार है. बताया जा रहा है कि महिला शिवानी ने लंबे समय तक चले प्रेम प्रसंग के बाद डेढ़ साल पहले ही यश के साथ लव मैरिज किया था.

इस मामले में शिवानी के परिजनों ने उसके पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में तहरीर दी है. पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.शिवानी के परिजनों ने अपनी शिकायत में बताया कि रविवार की रात करीब 10 बजे शिवानी और यश के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था. फिर रात में करीब डेढ़ बजे यश ने शिवानी की छोटी बहन मुस्कान से अपना बैग और सामान मांगा. फिर वह बाहर से कमरे की कुंडी लगाकर फरार हो गया.

सुबह हुआ खुलासा

सुबह करीब 5 बजे मुस्कान बॉथरूम जाने के लिए उठी, लेकिन दरवाजा बाहर से बंद था. वहीं बगल के कमरे में सो रही शिवानी काफी देर तक आवाज लगाने के बाद भी कोई जवाब नहीं दे रही थी. फिर सुबह करीब 9 बजे शिवानी का भाई अनिकेत वहां पहुंचा और दरवाजा खोला तो शिवानी बिस्तर पर अचेत पड़ी थी. आनन फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

मायके में रह रही थी शिवानी

परिजनों के मुताबिक शादी के बाद से ही शिवानी और यश के बीच झगड़े शुरू हो गए थे. परेशान होकर तीन महीने पहले शिवानी मायके आ गई थी. जहां आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया है. पुलिस के मुताबिक शिवानी और यश फेसबुक के जरिए एक दूसरे के संपर्क में आए थे. चैटिंग करते-करते दोनों में पहले दोस्ती हुई और फिर प्यार हो गया. करीब डेढ़ साल पहले ही दोनों ने कोर्ट में जाकर शादी कर ली थी.

रिपोर्ट: अमित सोनी, झांसी

Follow Us