भाभी से अवैध संबंध में बाधा बन रही थी बीवी, मायके से बुलाकर पति ने घोंट दिया गला; भाइयों ने भी दिया साथ

मुजफ्फरनगर में अवैध संबंधों के चलते एक खौफनाक वारदात हुई. पति राशिद ने अपनी भाभी से अवैध संबंधों का विरोध करने पर पत्नी मोहसिना की हत्या कर दी. उसने अपने भाइयों के साथ मिलकर मोहसिना का गला घोंटा और मौके से फरार हो गया. परिजनों के मुताबिक आरोपी पति की हरकतों से परेशान होकर मोहसिना मायके में रहती थी, जिसे पति बहला-फुसलाकर वापस लाया था.

उत्तर प्रदेश पुलिस

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में अवैध संबंधों की वजह से खौफनाक वारदात हुई है. यहां शाहपुर थाना क्षेत्र के तावली गांव में एक पति ने अवैध संबंधों का विरोध करने पर अपनी पत्नी की हत्या कर दी. पुलिस ने वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी पति और उसके सगे भाई को अरेस्ट कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पति के उसकी भाभी के साथ अवैध संबंध थे. जबकि उसकी पत्नी इसका विरोध करती थी.

अवैध संबंधों में लगातार बाधा पैदा होने पर आरोपी पति ने अपने भाइयों के साथ मिलकर पत्नी मोहसिना की हत्या कर दी. परिजनों ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया आरोपी की हरकतों से परेशान होकर मोहसिना मायके में रह रही थी. दो दिन पहले आरोपी उसे आकर अपने साथ ले गया, जहां उसने अपने भाइयों के साथ मिलकर पहले दुपट्टे से उसका गला घोंटा और फिर मौके से सभी आरोपी फरार हो गए. पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को अरेस्ट किया है.

30 अगस्त की है वारदात

मुजफ्फरनगर के एसएसपी संजय कुमार वर्मा के मुताबिक इस वारदात के संबंध में 30 अगस्त को शिकायत मिली थी. हरसौली के रहने वाले नदीम ने शाहपुर थाने में तहरीर देकर बताया कि 13 साल पहले उसकी बहन मोहसीना की शादी तावली गांव में रहने वाले राशिद के साथ हुई थी. इस शादी के बाद इन्हें तीन बच्चे भी हुए. नदीम के मुताबिक उसके बहनोई राशिद के अपनी भाभी से अवैध संबंध थे. इसकी जानकारी मोहसीना को हुई तो वह इसका विरोध करने लगी. इसकी वजह से दोनों में झगड़े होने लगे थे.

मायके से बुलाकर हत्या

नदीम ने बताया कि इससे परेशान होकर उसकी बहन मायके आ गई थी. लेकिन आरोपी पति उसकी हत्या की साजिश के तहत शुक्रवार को ससुराल आया और मोहसीना को अपने साथ लेकर लौट गया. अगले दिन उन्हें पता चला कि आरोपी ने उसकी बहन की हत्या कर दी है. पीड़ित भाई ने इस मामले में आरोपी बहनोई और उसके चार भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Follow Us