UP: लड़की का गला रेत बॉयफ्रेंड ने लगा ली फांसी; एक ही कमरे में मिली दोनों की लाशें

कानपुर देहात में पिछले कुछ समय से एक युवक अपनी मामी के घर रह रहा था.इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली एक नाबालिग लड़की से उसकी नजदीकियां बढ़ीं. दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की चर्चा भी गांव में थी.लेकिन अचानक दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. विवाद के बाद युवक ने किशोरी पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी गला रेतकर हत्या कर दी. फिर खुद भी फांसी के फंदे पर झूल गया.

कानपुर देहात सुसाइड केस Image Credit:

कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र स्थित अकारू गांव से सनसनीखेज घटना सामने आई है. यहां एक युवक और नाबालिग किशोरी के शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक कमरे के भीतर मिले. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक ने कथित रूप से नाबालिग प्रेमिका की धारदार हथियार से हत्या करने के बाद खुद फांसी लगाकर जान दे दी है. घटना की सूचना मिलते ही गांव में भारी भीड़ जुट गई है. मौके पर पुलिस और फॉरेंसिंक की टीम ने पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.

युवक की उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है. वह मूल रूप से औरैया जनपद का निवासी था. पिछले कुछ समय से कानपुर देहात में अपनी मामी के घर रह रहा था. इसी दौरान उसकी पड़ोस में रहने वाली एक नाबालिग लड़की से नजदीकियां बढ़ीं, और दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की चर्चा भी गांव में थी.

पहले लड़की का गला रेता, फिर खुद को लगाई फांसी

अचानक से दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने की बात सामने आ रही है. आरोप है कि विवाद के बाद युवक ने किशोरी पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी गला रेतकर हत्या कर दी. इसके बाद उसने कमरे के भीतर फंदा लगाकर खुद की भी जान दे दी. काफी देर तक दोनों के बाहर न आने पर परिजनों को शक हुआ. जब कमरे के अंदर जाकर देखा गया तो दोनों के शव पड़े मिले.

कमरे के अंदर का नजारा देख मची चीख-पुकार

कमरे के अंदर का दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते गांव में सनसनी फैल गई. ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही मंगलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. फोरेंसिक टीम ने मौके से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं.

घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा दिखाई दे रहा है. लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है. फिलहाल, पुलिस ने दोनों की शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

कानपुर देहात से बृजेंद्र गुप्ता की रिपोर्ट

Follow Us