डिलीवरी के बाद पेट में नहीं लगाए टांके, दर्द से तड़पती रही महिला… लखनऊ में बड़ी लापरवाही

डॉक्टर के पास गंभीर से गंभीर मरीजों की जान बचाने की काबिलियत होती है. उसे इसलिए समाज में भगवान का रूप माना जाता है. लेकिन अंर वही डॉक्टर संवेदनहीनता की सारी हदें पार कर दे तो उसे क्या कहा जाए. लखनऊ के इटौंजा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात मधु श्री नाम की डॉक्टर ने एक महिला की सिजेरियन डिलीवरी कराने के बाद उसके पेट पर टांके लगाना ही भूल गई. इससे महिला की तबीयत बहुत ज्यादा खराब हो गई.

इटौंजा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर बड़ी लापरवाही

लखनऊ के इटौंजा CHC में डॉक्टर की बहुत बड़ी लापरवाही सामने आई है. DGP कार्यालय में फॉलोवर का काम करने वाले सुरेंद्र कुमार पाल ने अपनी पत्नी शिवानी को प्रसव के लिए 8 अप्रैल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटौंजा में भर्ती कराया था. यहां डॉक्टर मधु श्री द्वारा शिवानी की सिजेरियन डिलीवरी कराई गई. लेकिन ऑपरेशन के बाद वह पेट पर टांके लगाना भूल गई. महिला को उन्होंने बिना टांका लगाए ही छोड़ दिया. फिर उसे 11 अप्रैल को तबीयत नहीं सही होने की स्थिति में भी डिस्चार्ज कर दिया.

हालत खराब होने के बाद भी नहीं किया इलाज

सुरेंद्र पाल की पत्नी शिवानी पाल की हालत इससे बहुत ज्यादा खराब हो गई. इलाज के लिए पति दोबारा उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटौंजा लखनऊ लेकर आए. डॉक्टर मधुश्री द्वारा महिला की गंभीर हालत देखकर भी उसका उपचार नहीं किया. फिर 13 अप्रैल को वीरांगना अवंती बाई महिला चिकित्सालय लखनऊ रेफर कर दिया. सुरेंद्र पाल ने कहा कि ऐसे में उनकी पत्नी को अगर कुछ हो जाता तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता.

ट्रीटमेंट के नाम पर 12 हजार रुपये भी लिए

सुरेंद्र पाल ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र से पत्नी के इलाज के डॉक्यूमेंट्स मांगे तो स्टाफ ने देने से इनकार कर लिया. साथ ही ट्रीटमेंट के नाम पर 12 हजार रुपये भी ले लिए. फिलहाल वीरांगना झलकारी बाई में महिला चिकित्सालय लखनऊ में इलाज उनकी पत्नी इस समय बिल्कुल ठीक है और घर पर स्वास्थ्य लाभ ले रही हैं. सुरेंद्र पाल ने इस मामले को लेकर डॉक्टर के खिलाफ पुलिस थाने में शिकायत भी दर्ज कराई है.

CMO ने कहा-जांच के लिए टीम गठित

इटौंजा थाना प्रभारी सोभरन सिंह ने बताया कि पीड़ित द्वारा तहरीर दी गई है. तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है. वहीं, CMO कहा है कि इस मामले पर एक टीम गठित की गई है. पूरे मामले की जांच की जा रही है. जांच होने के बाद आगे की कोई कार्रवाई की जाएगी.

Follow Us