पांच साल के बच्चे से कुकर्म, पहचान उजागर होने के डर से घोंटा गला; खेत में मिला शव

उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में 5 साल के मासूम के साथ हैवानियत का मामला सामने आया है. बच्चे को अगवा कर उसके साथ कुकर्म किया गया और फिर गला घोंटकर हत्या कर दी गई. मासूम का शव खेत में मिला. पुलिस ने गांव के ही युवक महावीर को गिरफ्तार किया है, जिसने शराब के नशे में वारदात को अंजाम देने और पहचान खुलने के डर से हत्या करने की बात कबूली है.

मौके पर पहुंची पुलिस

उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. यहां एक पांच साल के मासूम के साथ हैवानों ने पहले कुकर्म किया, फिर गला घोंटकर हत्या कर दी. वारदात कानपुर देहात के सिकंदरा थाना क्षेत्र में एक गांव की है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. यह बच्चा रविवार की शाम से ही लापता था. सोमवार की शाम को उसका शव गांव के बाहर एक खेत में मिला.

पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम में बच्चे के साथ कुकर्म और गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई है. इस मामले में पुलिस ने गांव के ही युवक महावीर को हिरासत में लिया है. आरोपी ने पुलिस की पूछताछ में मासूम के साथ कुकर्म और हत्या की वारदात कबूल किया है. पुलिस अब मामले में अन्य संबंधित धाराएं भी बढ़ाने की तैयारी कर रही है. बच्चे के पिता ने पुलिस को बताया कि रविवार शाम करीब सात बजे उनका बेटा लापता हुआ था.

देर रात मिला शव

काफी तलाश के बाद भी बच्चे का सुराग नहीं मिला तो रात करीब साढ़े नौ बजे डायल-112 पर सूचना दी गई. इसके बाद रसधान चौकी प्रभारी प्रशांत कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गांव व आसपास के क्षेत्रों में तलाश शुरू कराई. देर रात गांव के बाहर एक खेत में मासूम का शव पड़ा मिला. सोमवार को डॉक्टर जय वर्धन और डॉक्टर केदारनाथ के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम किया. इसमें गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई, जबकि कुकर्म के भी संकेत मिले हैं.

नशे में की वारदात

पुलिस के मुताबिक जांच में मिले इनपुट के आधार पर गांव के ही युवक महावीर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. इसमें आरोपी ने शराब के नशे में मासूम के साथ कुकर्म करने और बाद में पहचान उजागर होने के डर से गला दबाकर हत्या करने की बात स्वीकार की है. आरोपी ने बताया कि करीब चार वर्ष पहले उसने एक अन्य बच्चे के साथ भी कुकर्म किया था. अधिकारियों के मुताबिक फोरेंसिक रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्यवाही की जा रही है.

रिपोर्ट: बृजेन्द्र गुप्ता, कानपुर देहात

Follow Us