थूककर चटाया, जूते में पानी पिलाया… पिता-पुत्र संग दबंगों ने क्यों की हैवानियत? शर्मसार कर देगी कहानी
कानपुर में दलित पिता-पुत्र के साथ अमानवीय अत्याचार का मामला सामने आया है. सरकारी हैंडपंप से पानी पीने पर दबंगों ने उन्हें थूक चटाया, जूते से पानी पिलाया और लाठी-डंडों से पीटा. इस घटना में पिता की पसलियां टूट गईं. पुलिस ने दो सगे भाइयों समेत चार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक दलित पिता-पुत्र के साथ हैवानियत का मामला सामने आया है. दबंगों ने इन पिता-पुत्र के कपड़े उतरवाए, फिर मुर्गा बनाकर खूब मारपीट की. इससे भी मन नहीं भरा तो दबंगों ने थूककर चटाया और जूते से पानी तक पिलाया. इन पिता पुत्र की गलती इतनी भर थी कि इन्होंने सरकारी हैंडपंप पर रखे बाल्टी-लोटे से पानी पी लिया था. यही नहीं, इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने अपने ऊपर गंगा जल का छिड़काव भी किया.
यह वारदात सचेंडी थाना क्षेत्र में 13 दिन पहले झखरा संभरपुर गांव की है. हालांकि जानकारी मिलने पर हरकत में आई कानपुर पुलिस ने दो सगे भाइयों समेत चार लोगों पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक प्राथमिक जांच में इस वारदात के पीछे खेत में गंदगी फैलाने का विवाद सामने आया है. पीड़ित ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि वह मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है.
2 मई की रात की वारदात
बीते 2 मई की रात करीब 9 बजे वह अपने बेटे के साथ खेत में काम कर रहा था. इस दौरान प्यास लगने पर उसके बेटे ने सरकारी हैंडपंप पर रखे लोटे से पानी पी लिया. इतनी सी बात पर पास में ही मौजूद संजय राजपूत, उसके भाई दीपक एवं दो अन्य लोगों ने उसके बेटे से गाली गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी. आरोपियों ने कहा कि तूने लोटा छूकर धर्म भ्रष्ट कर दिया. इसके बाद आरोपियों ने उसके बेटे को मुर्गा बनाकर लाठी-डंडे से पीटा.
पार की हैवानियत की हदें
पीड़ित पिता ने कहा कि आरोपी यहीं नहीं रूके, जूते में थूका और उसके बेटे को चाटने के लिए मजबूर किया. फिर जूते में पानी भरकर उसे पिलाया. शोर सुनकर वह खुद मौके पर पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की. इससे उसकी पसलियां टूट गईं हैं. सचेंडी थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्रा के मुताबिक तहरीर के आधार पर संजय, दीपक, सागर और पटिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है. मामले की जांच एसीपी पनकी मनोज कुमार सिंह कर रहे हैं.