कानपुर में अब गैस सिलेंडर की टेंशन होगी खत्म,सिर्फ 10 दिन के अंदर मिलेगा 3000 रुपये में घर तक PNG कनेक्शन

गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच कानपुर में भी अब उपभोक्ता पीएनजी कनेक्शन ले सकते हैं. इसके लिए उन्हें पहले 3000 रुपये जमा कर रजिस्ट्रेशन कराना होगा.फिर आपके घर तक सिर्फ 10 दिन के अंदर पीएनजी कनेक्शन पहुंच जाएगा.

कानपुर में सिर्फ 10 दिन में पीएनजी कनेक्शन ( प्रतीकात्मक तस्वीर)

सिलेंडर की किल्लत के बीच कानपुर वालों के लिए राहत भरा फैसला आया है. कानपुर वासियों के लिए अब पीएनजी कनेक्शन लेने का मौका मिलेगा. इसके लिए उन्हें 3 हजार रुपये में कनेक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन कराना होगा. अगर उनके इलाके में पहले से पाइपलाइन मौजूद होगा तो उन्हें महज 10 दिनों में कनेक्शन मिल जाएगा. अगर रजिस्ट्रेशन करने वालों के क्षेत्र में पाइपलाइन नहीं है, तो भी परेशान होने की कतई जरूरत नहीं है. उन्हें भी 30 से 45 दिनों के अंदर कनेक्शन मिल जाएगा.

बैठक में लिए गए अहम फैसले

शहर में पीएनजी गैस कनेक्शन के विस्तार के लिए एडीएम सिटी डा. राजेश कुमार की अध्यक्षता में बैठक भी हुई. पीएनजी गैस कंपनियों द्वारा जिले में गैस पाइपलाइन विस्तार एवं उपभोक्ताओं को कनेक्शन उपलब्ध कराने पर चर्चा भी की. ए़डीएम सिटी ने कहा कि कानपुरवासी अगर चाहें तो अब पीएनजी कनेक्शन ले सकते हैं. वहीं, सीयूजीएल के सीनियर मैनेजर ने बताया रामादेवी से कल्याणपुर तक उनकी कंपनी का गैस पाइपलाइन नेटवर्क स्थापित हो चुका है.

यहां कर सकते हैं कनेक्शन के लिए आवेदन

कानपुर शहर में वर्तमान में 1.31 लाख घरेलू, 460 वाणिज्यिक तथा 152 औद्योगिक कनेक्शन संचालित हैं. आईजीएल के जीए हेड ने बताया उनकी कपंनी का रूमा से फतेहपुर तक लगभग 75 किलोमीटर पाइपलाइन बिछ चुका है. उपभोक्ता चाहे तो रूमा स्थित पीएनजी स्टेशन कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं या फिर आईजीएल के वेबसाइट के माध्यम से भी कनेक्शन के लिए अप्लाई कर सकते हैं.

सीयूजीएल और आईजीएल को दिए गए ये निर्देश

प्रशासन की तरफ से डीएसओ राकेश कुमार ने कहा कि होटल एवं बैंक्वेट हॉल संचालक अपने प्रतिष्ठानों में पीएनजी गैस कनेक्शन के लिए आवेदन कर देना चाहिए. इन आवेदनों के तत्काल निस्तारण के लिए सीयूजीएल और आईजीएल के अधिकारियों को निर्देश दिए गए वे अपने कार्यालयों में कॉल सेंटर स्थापित करें तथा मानव संसाधन तुरंत बढ़ाएं ताकि उपभोक्ताओं को समय से ये सुविधा दी जा सके. इसके अलावा सीयूजीएल एवं आईजीएल को होटल और रेस्टोरेंट संचालकों से समन्वय स्थापित कर जल्द से जल्द इस प्रक्रिया को शुरू करने का निर्देश दिया गया है.

Follow Us