‘50 लाख दो नहीं तो…’ कानपुर में सर्राफा कारोबारी को धमकी, फायरिंग से दहशत में परिवार
कानपुर के एक सर्राफा कारोबारी अनिल गुप्ता से अज्ञात बदमाशों ने 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी है. यह रकम नहीं देने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी है. बदमाशों ने उनके घर पर फायरिंग भी की, जिससे परिवार दहशत में है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक सर्राफा करोबारी से 50 लाख की रंगदारी मांगने और नहीं देने पर जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है. बदमाशों ने पीड़ित परिवार के घर पर फायरिंग भी की है. इस घटना के बाद से पीड़ित और उसके परिवार के लोग दहशत में हैं. मामला कानपुर के गोविंद नगर क्यू ब्लॉक में दो दिन पहले का है. सूचना मिलने पर गोविंद नगर थाना पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
पुलिस के मुताबिक गोविंद नगर में रहने वाले सर्राफा कारोबारी अनिल गुप्ता उर्फ गुड्डू ने पुलिस में शिकायत दी है. बताया कि उनकी कानपुर के ही बिल्हौर इलाके में सेठ राम कुमार गुप्ता ज्वेलर्स के नाम से शोरूम है. वह इस शोरूम में हफ्ते में तीन दिन बैठते हैं. 8 जून की सुबह वह घर से शोरूम जाने के लिए निकले. ठीक उसी समय उनके फोन पर एक कॉल आई. कॉलर ने सिर्फ हेलो बोलकर फोन काट दिया. वह भी इस फोन कॉल को भूल गए.
कारोबारी पर की फायरिंग
इसके बाद वह रात के 9:30 बजे अपने घर पहुंचे और घर के बाहर गाड़ी खड़ी कर डिक्की से सामान निकालने लगे. इतने में बाइक से आए दो बदमाशों ने उनके ऊपर फायरिंग की. इसमें वह बाल बाल बच गए. हालांकि एक गोली उनके मकान के गेट से टकराई है. इसके बाद बदमाश तो वहां से भाग गए. वहीं वह खुद घर के अंदर पहुंचे तो उसी नंबर से उन्हें दोबारा कॉल आई. उन्हें कहा गया कि ‘गुड्डू जिंदा रहना चाहते हो तो 50 लाख रुपये का इंतजाम कर लो, वरना…’. इस दौरान बदमाशों ने कहा कि अभी गोली चलवाई है.
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
वह चाहते तो गोली सीधा सिर में मार सकते थे, लेकिन उन्हें मौका दिया है. इसके बाद भी बदमाशों ने दो अलग अलग नंबरों से कॉल किया और रंगदारी की मांग की. यह पूरी घटना मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक हमलावरों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है. साथ ही इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से धमकी देने वाले बदमाशों की भी पहचान कराई जा रही है. डीसीपी साउथ दीपेन नाथ चौधरी के मुताबिक जल्द ही आरोपियों को अरेस्ट कर लिया जाएगा. उधर, घटना को लेकर सर्राफा कारोबारियों ने भी मोर्चा खोल दिया है.