गाली-गलौज, मारपीट, जान से मारने की धमकी…2 करोड़ की जमीन के लिए प्रॉपर्टी डीलर ने परिवार को बनाया बंधक

कानपुर के कल्याणपुर क्षेत्र में एक दंपति और उनकी डेढ़ वर्षीय बेटी को 2 करोड़ रुपये की जमीन के लिए एक महीने तक बंधक बनाने का मामला सामने आया है. इस दौरान जमीन को सस्ते में आरोपियों के नाम लिखने के लिए दबाव बनाया गया. ऐसा नहीं करने पर गाली-गलौज, मारपीट के साथ-साथ जान से मारने की धमकी भी दी गई.

जमीन के लिए परिवार को बना लिया बंधर Image Credit:

कानपुर के कल्याणपुर क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक प्रॉपर्टी डीलर और उसके साथियों ने तकरीबन 2 करोड़ रुपये की कीमत की जमीन के लिए शाहजहांपुर निवासी एक दंपति और उनकी डेढ़ वर्षीय मासूम बेटी पूरे एक महीने तक बंधक बनाए रखा पुलिस ने परिजनों की सूचना पर फ्लैट का ताला तोड़कर परिवार को मुक्त कराया. पीड़िता की शिकायत पर आरोपी दीपक अग्रवाल के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.

उन्नाव जिले के बांगरमऊ थाना क्षेत्र के जगत नगर निवासी दिव्या गुप्ता का विवाह शाहजहांपुर के ओम गुप्ता से हुआ है. दंपति की डेढ़ वर्षीय बेटी अवनी है. दिव्या ने बताया कि उनके माता-पिता की मृत्यु के बाद मायके की करीब 14 बीघा जमीन उनके कब्जे में आ गई. जमीन की पूरी तरीत तकरीबन 2 करोड़ रुपये है.

2 करोड़ की जमीन के लिए धोखाधड़ी

दिव्या के मुताबिक डेढ़ साल पहले एक परिचित कारोबारी ने दिव्या की मुलाकात कल्याणपुर के प्रॉपर्टी डीलर दीपक अग्रवाल से कराई, जो उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव ग्रामीण विकास बैंक में अकाउंटेंट भी है. दीपक ने सिर्फ एक लाख रुपये देकर जमीन का एग्रीमेंट कर लिया. HDFC बैंक में उनका खाता खुलवाया. पासबुक, चेकबुक और एटीएम कार्ड अपने कब्जे में ले लिया.

प्रॉपर्टी डीलर ने पूरे परिवार को बना लिया बंधक

दिव्या ने आगे बताया कि दीपक ने 5 फरवरी को ‘जमीन संबंधी काम’ के बहाने पूरे परिवार को विजय नगर बुलाया गया. वहां पांच कारों से आए आरोपी ने उन्हें बंधक बनाकर सुनसान होटल में बंद कर दिया. आरोपियों ने हर दो-तीन दिन में होटल बदलते हुए परिवार को विभिन्न स्थानों पर रखा. कमरों में शराब पीकर उनके साथ गाली-गलौज, मारपीट की. जान से मारने की धमकी दी.

पीड़िता के मुताहिक नामांतरण के बाद कम कीमत पर बैनामा न करने पर पति-पत्नी और मासूम बेटी को निशाना बनाया. फिर कल्याणपुर के मार्स इंक्लेव में किराए के फ्लैट में बंद कर बाहर से ताला जड़ दिया. पीड़ित पक्ष का कहना है कि इस दौरान परिवार ने अमानवीय यातनाएं सहीं. उनपर काफी दबाव बनाया गया.

ऐसे बची पीड़ित पक्ष की जान

किसी तरह ओम ने आरोपियों के मोबाइल हॉटस्पॉट से फेसबुक पर अपनी मां को मैसेज भेजा, जिसमें पूरी घटना का जिक्र किया. फिर परिजनों ने कानपुर के परिचित ऋषि से संपर्क किया, जिनकी सूचना पर डायल-112 पुलिस पहुंची. फ्लैट का ताला तोड़कर तीनों को मुक्त किया गया. थाने में पीड़िता ने दीपक अग्रवाल, कारोबारी और छह सहयोगियों पर तहरीर दी है.

पुलिस ने क्या कहा?

एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार ने बताया कि जबरन बंधक बनाने, गाली-गलौज, धमकी और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दीपक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. जांच शुरू कर दी गई है. दोषी पाए जाने पर आरोपियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी.