‘आज आखिरी बार प्यार से बात कर लो…’ प्रेमिका नहीं मानी तो युवक ने दूसरी मंजिल से लगा दी छलांग
कानपुर के सर्वोदय नगर में प्रेम संबंधों के चलते एक दुखद घटना हुई. एक युवक ने प्रेमिका से अनबन होने पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौत हो गई. युवक सऊदी अरब से लौटा था.
कानपुर के सर्वोदय नगर इलाके में रविवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई. प्रेम संबंधों में चल रही अनबन के बीच 35 वर्षीय युवक अपनी प्रेमिका से मिलने एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स पहुंचा था. वहां दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई, लेकिन बात संभलने के बजाय मामला और बिगड़ गया. युवक ने प्रेमिका से कहा कि आज आखिरी बार प्यार से बात कर लो, इसके बाद शायद कभी मुलाकात नहीं होगी. लेकिन युवती उसकी बातों को अनसुना कर वहां से जाने लगी. इसी दौरान युवक ने शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी. गंभीर रूप से घायल युवक को आनन-फानन में रीजेंसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल युवक के दोस्तों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है.
एक साल पहले सऊदी से लौटा था युवक
मृतक की पहचान चमनगंज निवासी रियाज अली के 35 वर्षीय बेटे सिकंदर अलेक्जेंडर के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह करीब एक साल पहले सऊदी अरब से नौकरी छोड़कर कानपुर लौटा था. उसके दोनों भाई मुर्शीद और नवीन अभी सऊदी अरब में ही रहते हैं.
सिकंदर के दोस्त राजा के मुताबिक, उसका गीता नगर के पास एक अस्पताल में काम करने वाली युवती से पिछले कई वर्षों से प्रेम संबंध था. सिकंदर जब सऊदी अरब में नौकरी कर रहा था, तब भी दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती रहती थी. हालांकि, पिछले कुछ समय से रिश्ते में खटास आने लगी थी. युवती उससे दूरी बनाने लगी थी और दोनों के बीच पहले जैसी बातचीत नहीं रह गई थी.
दोस्त और चचेरे भाई के साथ पहुंचा था मॉल
दोस्त राजा ने बताया कि इसी सिलसिले में सिकंदर ने रविवार को युवती को सर्वोदय नगर स्थित एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में मिलने के लिए बुलाया था. वह अपने चचेरे भाई शीबू और दोस्त राजा के साथ वहां पहुंचा था. मुलाकात के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई.
बताया जाता है कि सिकंदर ने युवती से कहा, ‘आज आखिरी बार प्यार से बात कर लो, इसके बाद न तो तुम्हें परेशान करेंगे और न ही कभी मिलेंगे.’ लेकिन युवती ने उसकी बातों पर ध्यान नहीं दिया और वहां से जाने लगी.
दोस्त को मोबाइल और घड़ी देकर बढ़ गया आगे
राजा के मुताबिक, युवती के वहां से जाने के बाद सिकंदर कुछ दूरी पर फूड कोर्ट की तरफ बढ़ गया. वह भी उसके पीछे पहुंचा. इसी दौरान सिकंदर ने अपना मोबाइल फोन और घड़ी उसे दे दी. राजा ने बताया कि वह कुछ देर के लिए फोन पर बातचीत करने लगा. तभी अचानक कुछ ही सेकंड के भीतर सिकंदर ने दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी.
यह देखकर वहां मौजूद लोग घबरा गए. युवती भी चीखने लगी. आनन-फानन में सिकंदर को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी.
परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ कर रही पुलिस
काकादेव थाना पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में मामला प्रेम संबंधों में चल रही परेशानी से जुड़ा बताया जा रहा है. युवक के दोस्तों ने भी इसी तरह की बातें बताई हैं. हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह जानने के लिए पुलिस परिवार के सदस्यों और अन्य संबंधित लोगों से जानकारी जुटा रही है.
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही घटना की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.