कानपुर: चौकी में युवक की पिटाई पर कोर्ट सख्त! प्रभारी पहले ही सस्पेंड, अब दरोगा समेत 9 पर FIR के आदेश
कानपुर में घरेलू विवाद की शिकायत पर पुलिस की बर्बरता सामने आई है. एक युवक को पुलिस चौकी बुलाकर इतना पीटा गया कि उसका कान का पर्दा फट गया. शरीर पर लठ के निशान देख कोर्ट भी दंग रह गई. कोर्ट ने 5 पुलिसकर्मियों समेत 9 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है.
कानपुर में घरेलू विवाद की शिकायत पर पुलिस की कार्रवाई अब सवालों के घेरे में है. शास्त्री नगर पुलिस चौकी में एक युवक को पत्नी की शिकायत के बाद बुलाया गया. आरोप है कि वहां पुलिसकर्मियों ने उसकी इतनी पिटाई कर दी कि उसके कान का पर्दा तक फट गया. शरीर पर चोट के निशान भी मिले. अब इस मामले में कोर्ट ने पांच पुलिसकर्मियों समेत 9 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है.
मामला शास्त्री नगर के काकादेव इलाके से जुड़ा है. युवक का अपनी पत्नी से घरेलू विवाद चल रहा था. बताया गया कि युवक अपनी मां और करीब डेढ़ साल की बेटी के साथ सोया था. इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी. बाद में युवक अपनी ड्यूटी पर चला गया. इसी दौरान उसकी पत्नी ने शास्त्री नगर पुलिस चौकी में शिकायत कर दी.
शरीर पर चोट, कान का पर्दा तक फाड़ दिया
परिवार का आरोप है कि शिकायत के बाद चौकी प्रभारी पवन मिश्रा ने युवक को बुलाया. जब वो पहुंचा तो उसके साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी. आरोप है कि चौकी प्रभारी के अलावा दरोगा अरुण त्रिवेदी, राजू खरवार, जसवंत सिंह और सुमित सिंह चौहान ने युवक को थप्पड़ और लात-घूंसे मारे. इतना ही नहीं, शिकायत होने पर जेल भेजने की धमकी भी दी.
बताया गया कि देर रात तक जब युवक घर नहीं पहुंचा तो उसकी मां चौकी पहुंचीं और बेटे को वहां से घर लेकर आईं. युवक के चेहरे और शरीर पर चोट के निशान थे. बैक साइड पर लठ के दाग मानो किस से खुन्नस निकालना. उसे सुनने में भी परेशानी हो रही थी. अगले दिन मां उसे निजी अस्पताल लेकर गईं. जांच में कान का पर्दा फटने की बात सामने आई.
प्रभारी, दो दरोगा समेत कुल 9 पर FIR के आदेश
इसके बाद युवक की मां के होश उड़ गए. उन्होंने तुरंत तत्कालीन एसीपी स्वरूप नगर शिखर से शिकायत की. शिकायत मिलने पर जांच कराई गई. जांच में चौकी प्रभारी पवन मिश्रा की भूमिका सामने आने के बाद डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने उन्हें निलंबित कर दिया. फिलहाल अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
पीड़ित की ओर से सीजेएम प्रदीप कुमार मिश्रा की कोर्ट में अर्जी भी दाखिल की गई. मामले की सुनवाई के बाद कोर्ट ने चौकी प्रभारी, दो दरोगा, दो सिपाहियों समेत कुल 9 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है. कोर्ट के आदेश के बाद अब इस मामले में पुलिस की कार्रवाई पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं.
