कानपुर में अब रात में भी करा सकेंगे प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री: लू के बीच बड़ी राहत, जानें क्या है नया समय

कानपुर में भीषण गर्मी पड़ रही है. लू के कहर के चलते लोगों के बीमार होने का खतरा बढ़ गया है. इसी को ध्यान में रखते हुए जनता की सहूलियत के लिए कानपुर जोन-2 कार्यालय में रात 8 बजे तक रजिस्ट्री की प्रक्रिया को चालू रखने का निर्णय लिया गया है.

कानपुर में रात में भी होगी रजिस्ट्री ( प्रतीकात्मक तस्वीर)

कानपुर के संपत्ति बाजार में निवेश करने वालों और घर खरीदने वालों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है. यदि आपने जमीन, फ्लैट या मकान की रजिस्ट्री का मन बना लिया है, लेकिन चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़े आपको रजिस्ट्री दफ्तर जाने से रोक रहे हैं, तो अब आपको फिक्र करने की जरूरत नहीं है.प्रशासन ने भीषण गर्मी को देखते हुए रजिस्ट्री के समय में बड़ा बदलाव किया है.अब आप दिन की जगह रात में भी रजिस्ट्री करवा सकते है.

​उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में सूर्य की तपिश और लू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है. मौसम विशेषज्ञ डॉ. एस.एन. सुनील पांडेय के अनुसार, सूर्य के उत्तर दिशा की ओर बढ़ने से धूप की तीव्रता में भारी इजाफा हुआ है, जो शाम के वक्त भी गर्म हवाओं के रूप में लोगों को परेशान कर रही है. इसी को ध्यान में रखते हुए जनता की सहूलियत के लिए जोन-2 कार्यालय में रात 8 बजे तक रजिस्ट्री की प्रक्रिया को चालू रखने का निर्णय लिया है.

10 बजे से शाम 5 बजे तक होती थी रजिस्ट्री

अभी तक संपत्तियों की रजिस्ट्री का समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक ही निर्धारित था.हालांकि, शासन ने काफी समय पहले रात 8 बजे तक का विकल्प देने का फैसला किया था, लेकिन तकनीकी बाधाओं और साफ्टवेयर में स्लॉट उपलब्ध न होने के कारण यह धरातल पर नहीं उतर पा रहा था.एआईजी स्टांप श्याम सिंह ने बताया कि ​रजिस्ट्री साफ्टवेयर को अब पूरी तरह अपडेट कर दिया गया है.

ध्यान देने वाली बातें

  • ​नया समय: सुबह 10:00 बजे से रात 08:00 बजे तक.
  • ​प्रक्रिया: पूर्व की तरह ही ऑनलाइन आवेदन कर स्लॉट बुक करना अनिवार्य होगा.
  • ​अवकाश में सुविधा: शनिवार और अन्य अवकाश के दिनों में भी रजिस्ट्री कराई जा सकेगी.
  • ​क्षेत्र: फिलहाल यह सुविधा जोन-2 के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों के लिए प्रभावी है.

कामकाजी और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा फायदा

श्याम सिंह ने आगे बताया कि अब शाम 5 बजे के बाद के स्लॉट भी ऑनलाइन उपलब्ध हैं. जोन-2 में रात 8 बजे तक रजिस्ट्री की सुविधा शुरू हो चुकी है और विशेष बात यह है कि अवकाश के दिनों में भी यह सुविधा जारी रहेगी. ​इस नई व्यवस्था से उन कामकाजी लोगों को भी फायदा होगा जो दफ्तर से छुट्टी लिए बिना शाम के वक्त अपने दस्तावेज पंजीकृत कराना चाहते हैं.साथ ही, बुजुर्गों और महिलाओं को दोपहर की जानलेवा गर्मी से बचाव का एक सुरक्षित विकल्प मिल गया है.


Follow Us