40 साल से भारत में अवैध तरीके से रह रहा था पाकिस्तानी, मां-बहन संग ली थी एंट्री, अब ऐसे पकड़ा गया
बुलंदशहर पुलिस ने एक पाकिस्तानी नागरिक को गिरफ्तार किया है. वह 40 साल से भारत में अवैध तरीके से रह रहा थ. उसकी मां बिलकिस ने कराची में तलाक होने के बाद बुलंदशहर के सैंथला निवासी व्यक्ति से दूसरी शादी कर ली थी.इस दौरान अपनी मां और तीन बहनों के साथ वह भी भारत आया था.
बुलंदशहर पुलिस ने एक पाकिस्तानी नागरिक को फर्जी दस्तावेजों के साथ गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता पाई है. यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत की गई है. पकड़ा गया पाकिस्तानी नागरिक कराची का रहने वाला है.
आरोपी के पास से मिले ये फर्जी डॉक्यूमेंट
कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र राठौर को एक सूचना प्राप्त हुई थी. इसके आदाध बुलंदशहर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक प्रताप अजेय के नेतृत्व में 23 अप्रैल 2026 को चेकिंग अभियान चलाया गया था. इस दौरान बुलंदशहर के नुमाइश पुल के नीचे से एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया. उसकी तलाशी लेने पर उसके कब्जे से फर्जी आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और पाकिस्तानी पासपोर्ट बरामद किया गया .
कराची का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बासिद इरशाद पुत्र इरशाद अहमद निवासी न्यू कराची, मकान संख्या 26 ए ब्लॉक 125 एफ पाकिस्तान के रूप में हुई है . जांच में सामने आया है कि आरोपी ने फर्जी पहचान बनाकर खुद को सैयद बासित अली पुत्र सैयद लईक अहमद निवासी सुशील विहार बुलंदशहर दर्शाया हुआ था .
40 साल पहले मां के साथ आया था भारत
आरोप पुलिस को बताया कि 40 साल पहले उसकी मां बिलकिस ने कराची में तलाक होने के बाद बुलंदशहर के सैंथला निवासी व्यक्ति से दूसरी शादी कर ली थी. वह उसी दौरान अपनी तीन बहनों के साथ मां के साथ ही भारत आया था. उसकी दो बहनों का तो लॉन्ग टर्म वीजा बन गया, लेकिन उसका आवेदन लटक गया.
आरोपी की मां को मिला हुआ है लॉन्ग टर्म वीजा
एसपी सिटी अभिषेक प्रताप अजेय ने बताया आरोपी की मां को लॉन्ग टर्म वीजा मिला हुआ है. आरोपी ने भी इसके लिए आवेदन किया हुआ था जो अभी शासन स्तर से विचाराधीन है. हालांकि आरोपी के पास मिले दस्तावेजों के सत्यापन में फर्जीवाड़ा सामने आने पर उसके खिलाफ थाना कोतवाली नगर में 394/26 धारा 318(4) , 338,336(3),340(2) बीएनएस की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है
आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज गया
आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है. उसपर मेरठ के ब्रह्मपुरी थाने में विदेशी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था. फिलहाल नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है. आगे की जांच पड़ताल की जा रही है और उसी आधार पर पुलिस भी आगे कार्रवाई करेगी.
(बुलंदशहर से सुमित शर्मा की रिपोर्ट)
