कानपुर: जुड़वां बेटियों के हत्यारे पिता ने जेल में थाली से अपनी गर्दन काटी, पहुंचा अस्पताल
कानपुर में अपनी जुड़वां बेटियों की हत्या के आरोपी पिता शशि रंजन मिश्रा ने जेल में आत्महत्या का प्रयास किया. उसने थाली से अपनी गर्दन रेती, जिसके बाद उसे आनन-फानन में लहूलुहान हालत में अस्पताल ले जाया गया है. आरोपी ने गहरे डिप्रेशन का दावा किया है. इस घटना से जेल प्रबंधन पर भी सवाल उठ रहे हैं.
कानपुर में अपनी ही दो मासूम जुड़वां बेटियों की बेरहमी से हत्या करने के आरोपी दवा व्यापारी शशि रंजन मिश्रा ने रविवार को जिला जेल में आत्महत्या का प्रयास किया. बैरक के बाथरूम में गर्दन रेते जाने के बाद जब आरोपी तड़पने लगा, तो अन्य बंदियों की नजर उस पर पड़ी. आनन-फानन में लहूलुहान आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जेल अधीक्षक के अनुसार, आरोपी शशि रंजन मिश्रा जेल की बैरक में मिलने वाली लोहे की थाली को साफ करने के बहाने रोजाना जमीन पर रगड़ता था. वह काफी दिनों से इस थाली को पैना कर धारदार हथियार में तब्दील कर रहा था, जिसकी भनक किसी को नहीं लगी. दोपहर को वह इसी धारदार थाली के साथ बाथरूम में गया और अपनी गर्दन पर वार कर दिया.
मुझे नहीं पता कि मेरे साथ क्या हुआ- आरोपी
बंदियों ने आरोपी को देखा तो शोर मचाने लगे, इसपर जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में आरोपी को पहले उर्सला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया. डॉक्टरों के मुताबिक, फिलहाल आरोपी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
अस्पताल में होश में आने के बाद आरोपी ने दावा किया कि वह गहरे डिप्रेशन का मरीज है और जेल में उसका कोई इलाज नहीं चल रहा है. सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने बताया, ‘मुझे नहीं पता कि मेरे साथ क्या हुआ. मुझे ऐसा लगा कि मेरे सिर से कुछ आवाजें आ रही हैं और कई लोगों ने मुझे घेर रखा है. डिप्रेशन के दौरे के कारण मुझे कुछ समझ नहीं आया.’
11 साल की जुड़वा बेटियों की गर्दन रेतकर की हत्या
किदवई नगर के मिक्की हाउस के पीछे, त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में रहने वाले दवा व्यापारी शशि रंजन मिश्रा ने 19 अप्रैल की रात अपनी 11 साल की जुड़वा बेटियों की गर्दन रेतकर हत्या कर दी थी. वारदात के बाद वह खुदकुशी की हिम्मत नहीं जुटा पाया और खुद पुलिस को फोन किया था. फिलहाल, जेल प्रशासन सुरक्षा में इस चूक को लेकर जांच में जुटी है.
