प्रधान चुनाव की रंजिश में ली जान… कासगंज में 4 साल की बच्ची की हत्या का राज खुला, मास्टरमाइंड अरेस्ट

कासगंज पुलिस ने 4 वर्षीय बालिका हत्याकांड का खुलासा किया है. साथ ही मामले के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर लिया है. यह जघन्य वारदात ग्राम प्रधान चुनाव 2021 की पुरानी रंजिश के चलते अंजाम दी गई थी. आरोपियों ने बच्ची का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी थी.

कासगंज में 4 वर्षीय बच्ची हत्याकांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में चार वर्षीय मासूम बालिका की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. थाना गंजडुण्डवारा पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात के मास्टरमाइंड कमलेश शाक्य को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने दावा किया है कि ग्राम प्रधान चुनाव की पुरानी रंजिश के चलते इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया गया था.

इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते पुलिस ने बताया कि, थाना गंजडुण्डवारा में मामले में बीएनएस की गंभीर धाराओं और पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था. पुलिस ने रविवार 21 जून को आरोपी कमलेश शाक्य पुत्र बालजीत निवासी ग्राम बहारपुर, थाना गंजडुण्डवारा को गिरफ्तार किया है. जबकि एक आरोपी फरार है, उसकी तलाश की जा रही है.

प्रधान चुनाव में दबदबा बनाए रखने के लिए हत्या

चार वर्षीय बालिका हत्याकांड में BNS की धारा 137(2), 103(1), 238, 65(2), 66, 61(2) और 5एम/6 पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है. जांच और पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपी कमलेश शाक्य की साल 2021 के ग्राम प्रधान चुनाव से वादी पक्ष के परिवार के साथ पुरानी रंजिश चली आ रही थी. इसी पुरानी दुश्मनी के कारण उसने यह हत्या की.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी कमलेश शाक्य ने अपने प्रभाव और दबदबे को बनाए रखने के उद्देश्य से सह-आरोपी अजय के साथ मिलकर यह षड्यंत्र रचा है. इसके बाद उसने साजिश के तहत वादी की 4 वर्षीय नाबालिग बेटी का अपहरण किया, और बाद में उसकी बरहमी से हत्या कर दी. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है.

फरार आरोपी की गिरफ्तारी में पुलिस दे रही दबिश

गंजडुण्डवारा थाना पुलिस ने बताया कि मामले में गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. वहीं फरार सह-आरोपी अजय की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है. इस हृदयविदारक घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है. पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी दोषियों को जल्द कड़ी सजा मिलेगी.


Follow Us