तूफान बना काल! बारिश में भरभराकर गिरी छत, मलबे में दबकर बेटी समेत दंपत्ति की मौत

कासगंज में शुक्रवार रात आए भयंकर आंधी-तूफान ने खूब तबाही मचाई. यहां शेखूपुरा गांव में एक मकान की छत ढहने से वीरभान, उनकी पत्नी नीलम और 3 साल की बेटी काव्या की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, परिवार के 3 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. इस दुखद हादसे से पूरे गांव में मातम छा गया है. जिलाधिकारी ने जांच के आदेश दिए हैं.

कासगंज में आंधी तूफान में बड़ा हादसा

शुक्रवार की रात आए आंधी तूफान में उत्तर प्रदेश के कासगंज में खूब तबाही मचाई. इस दौरान एक मकान की छत भी गिर गई. इस दर्दनाक हादसे में बेटी समेत एक दंपत्ति की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं पास में ही सो रहे तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए. इन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां इनकी हालत नाजुक बनी हुई है. हादसे के वक्त पूरा परिवार अपने घर सो रहा था.

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया है. पुलिस के मुताबिक शुक्रवार की रात आंधी-तूफान आया था. इस दौरान अचानक एक मकान लैंटर ढह गया और पूरा परिवार उसके मलबे में दब गया. हादसे की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर दौड़कर आए. इसके बाद मलबे में दबे लोगों को निकाला गया. इतने समय में घर के मुखिया वीरभान पुत्र भगवान सिंह (30) के अलावा उनकी पत्नी नीलम (27) और उनकी तीन वर्षीय बेटी काव्या की मौत हो चुकी थी. वहीं इनके साथ ही सो रही बेटी काजल (10), बेटा सूरज (7) और बेटी किरण (5) गंभीर रूप से घायल थे.

मौके पर पहुंचे आला अधिकारी

ग्रामीणों ने आनन फानन में घायलों को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी. इस सूचना पर सिढ़पुरा थाना पुलिस, राजस्व विभाग की टीम तथा उपजिलाधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया और परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से पूरे शेखुपुरा गांव में मातम छा गया है.

हादसे की जांच के आदेश

इस हादसे के बाद डीएम ने मामले की प्रशासनिक जांच के आदेश दिए हैं. इसी के साथ सभी घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था के लिए एसडीएम को निर्देशित किया है. बता दें कि इस तेज आंधी-तूफान और बारिश की वजह से जिले में भारी नुकसान हुआ है. दर्जनों कच्चे घरों की शेड और छत उड़ गए हैं. इससे जिले भर में दहशत और दुख का माहौल बना हुआ है.

Follow Us