कौशांबी में पटाखा गोदाम में बड़ा विस्फोट, अब तक 7 लोगों की मौत; कई घर मलबे में तब्दील

कौशांबी के पिपरी-पूरामुफ्ती बॉर्डर पर एक पटाखा गोदाम में भीषण विस्फोट हो गया. इसमें 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है. धमाका इतना तेज था कि इसकी गूंज 2 KM तक सुनाई दी. आसपास के कई मकान भी ध्वस्त हो गए. पुलिस और प्रशासन राहत-बचाव कार्य में जुटे हैं.

पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका, 7 लोगों की मौत की आशंका Image Credit:

कौशांबी में सोमवार सुबह एक पटाखा गोदाम में हुए जोरदार विस्फोट से पूरा इलाका दहल उठा. थाना पिपरी और पूरामुफ्ती बॉर्डर पर आदित्य नाम से संचालित बताए जा रहे पटाखा गोदाम में करीब 11 बजे अचानक धमाका हुआ. विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि कई घर पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गई है.

धमाका इतना जोरदार बताया जा रहा है कि करीब दो किलोमीटर दूर तक इसकी आवाज सुनाई दी. इस हादसे में अबतक सात लोगों की मौत हो गई है, जबकि कईंयों के मलबे में दबे होने की आशंका है. धमाके से आसपास के कई घर भी मलबे में तब्दील हो गई. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए.

जमींदोज हुए मकानों में लोगों की तलाश

वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही पिपरी और पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र की पुलिस और बड़े अधिकारी मौके पर पहुंचे. राहत और बचाव दल ने मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया है. जमींदोज हुए मकानों में लोगों के दबे होने की आशंका को देखते हुए एक-एक हिस्से की जांच की जा रही है. आसपास के ग्रामीण भी राहत कार्य में मदद कर रहे हैं.

घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है. हालांकि, अभी मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर प्रशासन की ओर से आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया गया है.

डीएम और एसपी भी मौके पर हैं मुस्तैद

बताया जा रहा है कि विस्फोट वाली जगह पर अभी भी पटाखे फट रहे हैं, जिसके कारण लोग आसपास नहीं जा पा रहे हैं. दमकल की गाड़ियां भी मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम कर रही हैं. कौशांबी जिले के डीएम और एसपी भी मौके पर पहुंच चुके हैं. कई थानों की पुलिस फोर्स भी घटनास्थल पर मौजूद है.

फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकालना और घायलों को उपचार उपलब्ध कराना है. घटनास्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. राहत और बचव कार्य जारी है. जांच एजेंसियां गोदाम में रखे पटाखों और वहां सुरक्षा मानकों से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही हैं.

Follow Us