यूपी में 206 पीपीएस अफसरों का तबादला, सीएम की सुरक्षा में तैनात जितेंद्र कुमार को शाहजहांपुर भेजा गया

यूपी में 206 पीपीएस अफसरों का तबादला कर दिया गया है. सीएम योगी की सुरक्षा में तैनात जितेंद्र कुमार को शाहजहांपुर भेजा गया है. लखनऊ कमिश्नरेट में तैनात विकास कुमार जायसवाल को मुख्यमंत्री सुरक्षा में लगाया गया.

यूपी में 206 पीपीएस अफसरों का तबादला Image Credit:

उत्तर प्रदेश में 206 पीपीएस अफसरों का तबादला कर दिया गया है. डीजीपी मुख्यालय की तरफ से गुरुवार को इसका आदेश जारी किया गया. लखनऊ में तैनात करीब एक दर्जन डिप्टी एसपी को भी बदला गया है. सीएम योगी की सुरक्षा में तैनात जितेंद्र कुमार को शाहजहांपुर भेजा गया है. लखनऊ कमिश्नरेट में तैनात विकास कुमार जायसवाल को मुख्यमंत्री सुरक्षा में लगाया गया.

सुकन्या शर्मा बागपत DSP बनीं

कन्नौज की डीएसपी प्रियंका वाजपेयी को सहायक पुलिस आयुक्त बनाकर कानपुर भेजा गया. आगरा की सहायक पुलिस आयुक्त सुकन्या शर्मा को बागपत की डीएसपी की जिम्मेदारी सौंपी गई. इसके अलावा बिजनौर के डीएसपी सोम प्रकाश को मऊ की तैनाती दी गई. मुख्यमंत्री सुरक्षा से वाराणसी कमिश्नरेट भेजे गए राजेश कुमार सिंह को अब लखनऊ कमिश्नरेट में नियुक्त किया गया है. कासगंज में तैनात शहिदा नसरीन को भी राजधानी भेजा गया है. वहीं शिप्रा पांडेय को लखनऊ से डीजीपी मुख्यालय में आईजी कानून-व्यवस्था कार्यालय में तैनात किया गया है.

उदय प्रताप सिंह, लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में सहायक पुलिस आयुक्त बने

गोरखपुर में तैनात उदय प्रताप सिंह द्वितीय को लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में सहायक पुलिस आयुक्त बनाया गया है. राजधानी में तैनात सतीश कुमार राय को मेरठ स्थित पीएसी की छठवीं वाहिनी भेजा गया है. वहीं सहायक पुलिस आयुक्त अभय कुमार मल्ल को बलरामपुर स्थानांतरित किया गया है. महोबा के गौरव उपाध्याय और अंबेडकरनगर के शुभम कुमार को लखनऊ कमिश्नरेट में सहायक पुलिस आयुक्त के पद पर तैनाती मिली है.

अभिनव यादव द्वितीय को एटीएस में तैनाती

अनुष्का को प्रयागराज स्थित पीएसी की चतुर्थ वाहिनी, सुरेंद्र शर्मा को बरेली की आठवीं वाहिनी पीएसी तथा वीरेंद्र विक्रम को कानपुर कमिश्नरेट भेजा गया है. रामपुर से अतुल कुमार पांडेय, कानपुर से रंजीत कुमार को लखनऊ कमिश्नरेट में नई तैनाती मिली है. विनय कुमार द्विवेदी को मुजफ्फरनगर, राजकुमार सिंह द्वितीय को प्रयागराज कमिश्नरेट और अनिद्य विक्रम सिंह को गाजीपुर भेजा गया है. अभिनव यादव द्वितीय को एटीएस में तैनाती दी गई है, जबकि प्रतीक दहिया (पीलीभीत) और महेश त्यागी (नोएडा कमिश्नरेट) को लखनऊ कमिश्नरेट में नियुक्त किया गया है.

प्रवीण तिवारी को डीएसपी मथुरा बनाया गया

डीजीपी कार्यालय द्वारा जारी आदेश के मुताबिक प्रवीण तिवारी को डीएसपी मथुरा, हर्ष मोदी डिप्टी एसपी उन्नाव, अंजनी राय डिप्टी एसपी सचिवालय सुरक्षा लखनऊ, सुमित त्रिपाठी डीएसपी भदोही, राजीव द्विवेदी डिप्टी एसपी प्रतापगढ़, प्रभात राय डिप्टी एसपी सोनभद्र, विकास जायसवाल डिप्टी एसपी सीएम सिक्योरिटी, अजीत सिंह चौहान डिप्टी एसपी चंदौली और अभिषेक पांडे को एसीपी लखनऊ कमिश्नरेट की जिम्मेदारी सौंपी गई.

क्यों इतनी बड़ी संख्या में किए गए तबादले

तबादलों की इस सूची में राजधानी लखनऊ में तैनात करीब एक दर्जन अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं. सूत्रों के अनुसार यह तबादला अभियान चुनाव आयोग के उन मानकों के अनुरूप माना जा रहा है, जिनके तहत एक ही जिले में तीन वर्ष या उससे अधिक समय से तैनात अधिकारियों को चुनाव से पहले स्थानांतरित किया जाता है. माना जा रहा है कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर यह प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. तबादला सूची में मुख्यमंत्री सुरक्षा, पुलिस कमिश्नरेट, पीएसी और विभिन्न जिलों में तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं.

Follow Us