UPSSSC ने फिर निकाली बड़ी भर्ती, इन 722 पदों के लिए 4 जून से कर सकते हैं अप्लाई; जानें पूरी डिटेल

UPSSSC ने आबकारी विभाग में सिपाही के 722 पदों पर बड़ी भर्ती निकाली है. इच्छुक युवा 4 जून से 24 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इन पदों के लिए इंटरमीडिएट पास और PET-2025 स्कोर कार्ड अनिवार्य है. चयन PET स्कोर, शारीरिक परीक्षा और मेरिट के आधार पर होगा.

आबकारी सिपाही की निकली भर्ती

उत्तर प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों में सरकारी नौकरी के इच्छुक युवाओं के लिए एक खुशखबरी है. उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने आबकारी विभाग में सिपाही के 722 पदों पर भर्ती निकाली है. इन पदों के लिए आवेदन की प्रक्रिया 4 जून से शुरू हो जाएगी. इस संबंध में यूपीएसएसएससी ने अधिसूचना जारी कर दी है. इसमें बताया गया है कि आबकारी सिपाही के 612 पदों पर और आबकारी सिपाही (विशेष चयन) के 110 पदों पर भर्ती की जाएगी.

अधिसूचना के मुताबिक आबकारी सिपाही के 612 पदों में 246 पद सामान्य वर्ग के लिए हैं. बाकी पदों में से अनुसूचित जाति के लिए 128, अनुसूचित जनजाति के लिए 12, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 165 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के 61 पद रिजर्व हैं. इसी प्रकार आबकारी सिपाही (विशेष चयन) के 110 पदों में से अनुसूचित जाति के लिए 46, अनुसूचित जनजाति के लिए 14 और अन्य पिछड़ा वर्ग के 50 पद रिजर्व हैं.

ऑनलाइन होगी पूरी प्रक्रिया

अधिसूचना के मुताबिक इस भर्ती में सभी पोस्ट के लिए आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन होगी. इच्छुक युवा 4 जून से इन पदों के लिए आवेदन कर सकेंगे. आवेदन की अंतिम तिथि 24 जून निर्धारित की गई है. संबंधित अधिकारियों के मुताबिक यूपीएसएसएससी के ऑफिशियल पोर्टल पर 4 जून को लिंक एक्टिव होगा. इसके बाद अगले 20 दिन के अंदर आवेदकों को अपने आवेदन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी. यदि आवेदन करते समय कोई गलती हो जाती है तो आवेदन में सुधार के लिए विंडो 1 जुलाई तक ओपन रहेगा.

ये है पात्रता की शर्त

इन पदों पर भर्ती के लिए इच्छुक आवेदकों के लिए पात्रता की कुछ शर्तें तय की गई हैं. आवेकों को माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश की इंटरमीडिएट या सरकार द्वारा उसके समकक्ष मान्यता प्राप्त कोई अन्य बोर्ड से परीक्षा उत्तीर्ण होना चाहिए. इसके अलावा आवेदक की प्रारंभिक पात्रता परीक्षा-2025 (PET-2025) में उपस्थित होना और वैध स्कोर कार्ड होना भी अनिवार्य है. इन सभी पदों पर भर्ती की न्यूनतम आयु18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष है. हालांकि रिजर्व कैटेगरी वाले आवेदकों को आयु सीमा में छूट मिलेगी.

ऐसे होगा चयन

अधिकारियों के मुताबिक आवेदन भरते समय ही आवेदकों से 25 रुपए शुल्क लिया जाएगा. यह शुल्क भी ऑनलाइन जमा होगा. इसके बाद PET-2025 में प्राप्त मानकीकृत स्कोर के आधार पर मुख्य लिखित परीक्षा के लिए आवेदकों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा. फिर शारीरिक मानदंड व शारीरिक दक्षता परीक्षा और मेरिट सूची के आधार पर आवेदकों का अंतिम चयन होगा.आयेाग ने भर्ती से जुड़ी सभी तरह की जानकारी आधिकारिक पोर्टल पर उपलब्ध करा दी है.

Follow Us