‘2027 में भारत छोड़ देंगे अखिलेश…’, ओपी राजभर ने सपा अध्यक्ष को बताया AC-PC का नेता

बंगाल में टीएमसी की हार को लेकर ओम प्रकाश राजभर ने सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव पर बड़ा हमला बोला है. उन्होंने अखिलेश यादव के लिए कहा कि वह 'जमीनी नेता' नहीं हैं. वह केवल 'ट्वीट, एसी और पीसी' वाली राजनीति करते हैं. राजभर ने दावा किया कि अखिलेश का समर्थन मतलब हार की गारंटी है और 2027 की हार के बाद वे राजनीति छोड़ लंदन चले जाएंगे.

अखिलेश यादव और ओमप्रकाश राजभर Image Credit:

बंगाल में टीएमसी की हार से ममता बनर्जी तो दुखी हैं, यूपी में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव की भी मुश्किलें बढ़ गई हैं. उत्तर प्रदेश सरकार में शामिल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने बंगाल चुनाव के हवाले से सपा सुप्रीमो पर बड़ा हमला बोला है. कहा कि बंगाल अब निपट गया, बारी यूपी की है. यहां अखिलेश यादव 2027 की हार का इंतजार कर रहे हैं. चुनाव हारते ही ये भारत छोड़ देंगे और लंदन में बस जाएंगे.

ओमप्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया पर ही हमला बोलते हुए कहा कि अखिलेश यादव कोई जमीनी नेता नहीं है. वह ट्वीट, एसी और पीसी वाली नेतागिरी करते हैं.इसी के साथ उन्होंने उत्तर प्रदेश के सभी राजनीतिक दलों को चेतावनी देते हुए कहा कि अखिलेश का समर्थन मतलब हार की गारंटी. इन्होंने जिस किसी को भी समर्थन किया, उसकी लुटिया ही डूब गई. अखिलेश यादव ने महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे, दिल्ली में अरविंद केजरीवाल और बिहार में तेजस्वी यादव को सपोर्ट किया, उनकी हालत देख लीजिए.

पहले राहुल, अब ममता का डूबा करियर

ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव ने राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनने का सपना दिखाया था, नतीजा आया आया कि राहुल राज्य दर राज्य हारते चले गए. हाल ही में अखिलेश ने ममता दीदी की जीत की मुनादी शुरू की, लेकिन उसी दिन तय हो गया कि वह चुनाव हारने जा रही हैं. अखिलेश के साथ की वजह से इन दोनों का पॉलिटिकल करियर ही डूबने जा रहा है.

रोज कर रहे अखिलेश पर हमला

एक मई से ही ओमप्रकाश राजभर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव पर ताबड़तोड़ हमले कर रहे हैं. सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर रोजाना उनका एक पोस्ट अखिलेश के खिलाफ तो हो ही रहा है. इसी कड़ी में आज ओमप्रकाश राजभर ने 2027 में उनकी हार के बाद उनके भारत की राजनीति से सन्यास लेने और लंदन जाकर बसने का दावा किया है. कहा कि अखिलेश एसी से बाहर निकलते ही नहीं, उनकी पूरी राजनीति ही ट्वीट और प्रेस कांफ्रेंस तक सिमट कर रह गई है.

जारी रहेगा हार का सिलसिला

ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि आज तक अखिलेश अपने दम पर कोई चुनाव नहीं जीत सके हैं. 2012 में जब वह मुख्यमंत्री बने, वो चुनाव भी मुलायम सिंह यादव और शिवपाल ने जीता था. उसके बाद अखिलेश अपने दम पर 2014, 2017, 2019 और 2022 में चुनाव लड़े और हारे. अब यही सिलसिला 2027 में भी जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि 2027 की हार अखिलेश की आखिरी हार होगी और वह राजनीति से सन्यास ले लेंगे.

Follow Us