Insta पर दोस्ती, फिर प्यार; शादी करने दोनों पहुंच गए मंदिर… फिर क्या हुआ?

प्रयागराज में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां एक पति इंस्टाग्राम पर अपनी ही पत्नी से दोस्ती कर बैठा. फेक अकाउंट के ज़रिए हुई इस दोस्ती के बाद दोनों को प्यार हुआ और वे शादी के लिए मंदिर पहुंचे. जब पत्नी ने नकाब हटाया, तो पति के होश उड़ गए. यह उसकी अपनी ही पत्नी थी, जिससे वह 9 साल पहले शादी कर चुका था. मामले की सूचना पर पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है.

सांकेतिक तस्वीर, तस्वीर श्रोत: META AI

उत्तर प्रदेश की संगम नगरी प्रयागराज में एक युवक को गर्लफ्रेंड का संगम भारी पड़ गया. युवक की गर्लफ्रेंड से इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी. यहीं पर प्यार हुआ और दोनों शादी करने के लिए दारागंज स्थित नाग वासुकी मंदिर पहुंच गए. यहां गर्लफ्रेंड ने जैसे ही चेहरे से नकाब उतारा, युवक के पैरों तले जमीन खिसक गई. दरअसल यह लड़की कोई और नहीं, बल्कि उसी युवक की अपनी पत्नी थी. पहचान होने पर दोनों में मारपीट होने लगी. सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है.

पुलिस के मुताबिक युवक पड़ोसी जिले प्रताप गढ़ का रहने वाला है. उसकी शादी नौ साल पहले प्रयागराज में नवाबगंज थाना क्षेत्र में रहने वाली युवती के साथ हुई थी. शादी के बाद कुछ दिनों तक तो सब ठीक रहा, लेकिन एक बेटी पैदा होने के बाद दोनों में खटपट होने लगी. नौबत यहां तक आ गई कि करीब चार साल पहले उसकी पत्नी अपने मायके आ गई. उसके बाद दोनों में संपर्क टूट गया.

फेक एकाउंट पर हुई दोस्ती

कुछ समय पहले युवती ने इंस्टाग्राम पर एक फेक एकाउंट बनाया और अपने पति से जुड़ गई. दोनों आपस में खूब चैटिंग करते थे. युवक उसे बार बार मिलने के लिए आग्रह करता. कभी संगम तो कभी होटल में मिलने के लिए बुलाया लेकिन युवती ने हर बार यह कहकर मना कर दिया कि शादी के बाद ही दोनों मिल सकते हैं. ऐसे में युवक ने प्रयागराज के नागवासुकि मंदिर में शादी का फैसला लिया.

नकाब में नहीं पहचान पाया पति

दोनों ने शनिवार को शादी का फैसला किया. इसके लिए युवक अपने एक दोस्त के साथ मंदिर पहुंच गया. इतने में युवती भी अपने परिजनों के साथ पहुंची. उसने चेहरे को बांध रखा था और आंखों पर चश्मा लगाया था. मंदिर पहुंचने के बाद दोनों में बातचीत शुरू हुई.थोड़ी देर बाद युवती ने पहले चश्मा निकाला, फिर अपने चेहरे से नकाब हटाया. इसे देखकर युवक को बड़ा झटका लगा. सामने पत्नी को देखकर वह बौखला गया और भागने लगा. हालांकि युवती के परिजनों ने दबोच लिया.

फिर पहुंची पुलिस

मंदिर में हंगामे की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस में युवती ने शिकायत देते हुए कहा कि पहली शादी में तलाक हुआ नहीं और आरोपी दूसरी शादी की तैयारी कर रहा था. पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है. दारागंज थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर मिश्र के मुताबिक महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Follow Us