अखिलेश यादव का यूपी सरकार पर पलटवार, बोले- CM योगी की भाषा गिरगिट जैसी
अखिलेश यादव ने सीएम योगी पर पलटवार करते हुए कहा कि सरकार की बुलडोजर नीति और काम करने का तरीके से लोगों में न्याय व्यवस्था के प्रति विश्वास खत्म कर रहा है, जिससे लोग कानून अपने हाथ में लेने को मजबूर हो रहे हैं. उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भाषा को भी “गिरगिट जैसी” बताया. अखिलेश ने कहा कि पुराने और नए बयानों की तुलना करने से असली गिरगिट कौन है, यह साफ हो जाएगा.
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पूरी तरह चरमरा गई है. उन्होंने हरदोई में शिल्पी कुशवाहा हत्याकांड मामले में सीबीआई जांच की मांग की. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में यूपी महिलाओं के खिलाफ अपराधों में नंबर एक बन गया है.
अखिलेश यादव ने गुरुवार यानी 30 अप्रैल को हरदोई के गरही रसूलपुर गांव में पीड़ित परिवार से मुलाकात भी. साथ ही परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी. परिवार ने उनसे स्थानीय पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई थी. इस दौरान अखिलेश ने कहा कि, “परिवार को इस पुलिस और सरकार से न्याय नहीं मिलेगा. हम सीबीआई जांच की मांग करते हैं और सरकार को पत्र लिखेंगे.”
उन्होंने आगे कहा कि सरकार की बुलडोजर नीति और काम करने का तरीके से लोगों में न्याय व्यवस्था के प्रति विश्वास खत्म कर रहा है, जिससे लोग कानून अपने हाथ में लेने को मजबूर हो रहे हैं. अखिलेश ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भाषा को भी “गिरगिट जैसी” बताया. अखिलेश ने कहा कि पुराने और नए बयानों की तुलना करने से असली गिरगिट कौन है, यह साफ हो जाएगा.
महिला आरक्षण पर सवाल
महिला आरक्षण विधेयक को लेकर अखिलेश यादव ने भाजपा पर साजिश का आरोप लगाया.उन्होंने कहा, “सच्चाई ये है कि महिला आरक्षण पास हो चुका है, लेकिन भाजपा इसे लागू नहीं करना चाहती.सभी पार्टियां डेलिमिटेशन के लिए एक हो गईं, तो भाजपा की साजिश का पर्दाफाश हो गया.भाजपा नारी को सिर्फ नारा बनाना चाहती है, नारी वंदन के नाम पर.
स्मार्ट मीटर विवाद
बिजली विभाग की नीतियों पर भी अखिलेश ने निशाना साधा.उन्होंने कहा, “आज महिलाएं सड़कों पर उतर आई हैं और स्मार्ट मीटर फेंक रही हैं.सरकार बिजली नहीं बना रही, बल्कि स्मार्ट मीटर लगा रही है.” उन्होंने दावा किया कि भाजपा की टेक्नोलॉजी पर लोगों का भरोसा नहीं रहा. वास्तविकता में स्मार्ट मीटर लगाने के बाद कई जिलों में महंगे बिल और अचानक कटौती की शिकायतें आई हैं, जिसके चलते सरकार ने नए मीटर लगाने पर अस्थायी रोक लगा दी है और जांच समिति गठित की है
अखिलेश ने कहा- सपा की सरकार में लगी थी पेप्सिको की इंडस्ट्री
हरदोई के विकास पर अखिलेश यादव ने याद दिलाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार में यहां पेप्सिको की सबसे बड़ी इंडस्ट्री लगाई गई थी.उन्होंने महंगाई पर भी चिंता जताई और कहा कि सिलेंडर के बाद अब अन्य चीजें भी महंगी हो रही हैं. लोगों को अपना जीवनयापन करना मुश्किल हो रहा है.
मजदूरों पर लगे सभी मुकदमे वापस लेने की मांग
मजदूर दिवस के मौके पर अखिलेश यादव ने नोएडा में मजदूरों पर लगे सभी मुकदमे वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि भाजपा सरकार मजदूर विरोधी नीतियां चला रही है.अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल का जिक्र करते हुए कहा कि वहां “रिवॉल्वर के दम पर वोट रोके जा रहे थे”, फिर भी “दीदी” ममता बनर्जी जीत रही हैं.
समाजवादी पार्टी प्रमुख ने कुल मिलाकर योगी सरकार पर महिलाओं की असुरक्षा, कानून-व्यवस्था की विफलता, महंगाई, बिजली संकट और मजदूर विरोधी रवैये के आरोप लगाए.उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की भाषा लोगों का अपमान करती है और उनकी नीतियां लोगों को न्याय अपने हाथ में लेने के लिए मजबूर कर रही हैं.