‘स्मार्ट मीटर में बेइमानी हो सकती है तो EVM में क्यों नहीं…’, अखिलेश बोले- BJP झूठ की सोनपापड़ी
अखिलेश यादव ने बीजेपी को "झूठ की सोनपापड़ी" करार देते हुए कहा कि चुनाव बाद महंगाई बढ़ी है. उन्होंने शिक्षा व्यवस्था पर सरकार को घेरा, 41 हजार स्कूलों में दाखिले न होने और शिक्षकों की कमी पर चिंता जताई. साथ ही चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए. और कहा कि बंगाल चुनाव में पैरेलल व्यवस्था खड़ी की गई.
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को प्रेस कांफ्रेंस में यूपी बोर्ड और ICSE में सर्वाधिक अंक पाने वाले बच्चों को लैपटॉप बांटे. साथ ही जीवन में आगे और तरक्की को लेकर शुभकामनाएं दी. और बताया ‘ स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि तब तक न रुको जब तक गोल न अचीव कर लो.’ अखिलेश यादव ने इस दौरान बीजेपी पर भी निशाना साधा.
अखिलेश यादव ने शिक्षा व्यवस्था पर बीजेपी सरकार को घेराते हुए कहा, ‘यूपी के 41 हजार प्राइमरी स्कूलों में एक भी बच्चे का एडमिशन नहीं हुआ. इससे ज्यादा स्कूल बंद हो गए. गोरखपुर में पहले कई हजार टीचर थे, अब हजारों कम हो गए. समझिए टीचरों को लेकर क्या स्थिति है. जब गाइड और टीचर अच्छा हो तो स्टूडेंट अपने आप सही रस्ते पर रहेगा.’
सब जानते थे चुनाव के बाद महंगाई बढ़ जाएगी
लखनऊ पार्टी मुख्यालय में अखिलेश यादव ने बीजेपी को “झूठ की सोनपापड़ी” करार दिया. उन्होंने कहा, ‘बीजेपी झूठ की सोनपापड़ी बनाती हैं, एक झूठ की परत के ऊपर वो दूसरी झूठ की परत चढ़ा देते हैं. हम सब ये जानते थे कि जैसे ही चुनाव खत्म होगा, उसके बाद महंगाई बढ़ जाएगी. डीज़ल, पेट्रोल, गैस की महंगाई से सबकुछ महंगा होगा.’
उन्होंने कहा कि डीजल, पेट्रौल और गैस के साथ महंगाई से केवल सिर्फ उन चीजों की महंगाई नहीं बढ़ती है, बल्कि बड़े पैमाने पर हर चीज की महंगाई बढ़नी शुरु हो जाती है. हवाई यात्रा महंगी हो रही है, कई रूट में एयरलाइंस सेवाएं ही बंद कर दी हैं. इसके अलावा सपा प्रमुख ने चुनाव आयोग पर सवाल खड़े करते हुए बंगाल में ममता सरकार बनने का दावा किया.
बंगाल में एक पैरेलल व्यवस्था खड़ी की गई- अखिलेश
अखिलेश यादव ने कहा कि इलेक्शन कमीशन एक कान्सटीट्युशनल बॉडी है और हम मानते हैं ये न्यूट्रल हो कर काम करेंगे. लेकिन रामपुर में चुनाव हुए तो हमने देखा कैसे अधिकारियों को प्लेस किया जा रहा था. यूपी में चुनाव आयोग ने रिहर्लसल किया था और वही बंगाल में उतार दिया. बंगाल में पारा मिलिट्री और सेंट्रल फोर्सेज की पैरेलल व्यवस्था खड़ी की गई.
उन्होंने दावा किया, ‘बंगाल में दीदी जीतेंगी. एक अकेली हैं… लड़ेंगी और जीतेंगी.’ साथ ही कहा कि बीजेपी डराना चाहती है, कल सबके मोबाइल पर अलर्ट आया. अब सोचिए कि जब बंद मोबाइल में अलर्ट आ सकता है तो फिर कैसे भरोसा करें? अखिलेश यादव ने कहा कि स्मार्ट मीटर में अगर बेईमानी हो सकती है तो EVM में क्यों नहीं हो सकती?