‘योगी इंजीनियर हो गए हैं… 30KM सड़क पर 7000 करोड़’, अखिलेश ने कसा तंज तो BJP ने किया पलटवार

अखिलेश यादव ने सीएम योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए कहा है कि 'योगी जी मुख्यमंत्री बनने के बाद इंजीनियर हो गए. 30 किलोमीटर की सड़क सात हजार करोड़ की डिजाइन की. ग्रीन कॉरिडोर ऐसा बनाया कि हर चौराहे पर सिर मारो.'

अखिलेश यादव और सीएम योगी आदित्यनाथ Image Credit:

उत्तर प्रदेश की सियासत में चुनाव आयोग को लेकर सपा और भाजपा के बीच तीखी जंग छिड़ गई है. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि वह भाजपा के लिए काम कर रहा है. वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने इसे संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला बताते हुए कड़ी निंदा की है.

कानपुर देहात में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल चुनाव से जुड़े चुनाव आयोग के एक पोस्ट का जिक्र करते हुए कहा, ‘अगर आयोग हट जाए तो चुनाव अपने आप भयरहित, हिंसा रहित और छापा रहित हो जाएंगे. उन्होंने बंगाल की जनता से अपील की कि दीदी को जिताएं, क्योंकि एक-एक वोट लोकतंत्र और संविधान बचाने के लिए होगा.’

‘नकली दस्तखत कर मुस्लिमों के नाम काटे जा रहे’

अखिलेश ने मतदाता सूची संशोधन SIR का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि नकली दस्तखत कर मुस्लिमों के नाम काटे जा रहे हैं. उन्होंने कहा, पीडीए प्रहरी बनाए हैं, लेकिन भाजपा उन्हें हक नहीं देना चाहती. साथ ही बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर छतरी लगवाने का जिक्र करते हुए बोले कि सबसे ज्यादा प्रतिमाएं भाजपा वालों ने ही तोड़ीं, जबकि बसपा के बाद सबसे ज्यादा हमने लगवाई हैं.

अखिलेश सीएम योगी के पोस्ट पर कसा तंज

प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक फिल्म धुरंधर के पोस्टर का जिक्र होते ही अखिलेश ने तंज कसा, भाजपा वाले जानते होंगे कि किसने बनाए हैं. उनकी फिल्म रिलीज होने के पहले फ्लॉप हो गई. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘योगी जी मुख्यमंत्री बनने के बाद इंजीनियर हो गए. 30 किलोमीटर की सड़क सात हजार करोड़ की डिजाइन की. ग्रीन कॉरिडोर ऐसा बनाया कि हर चौराहे पर सिर मारो.’

नंद गोपाल नंदी के लिए सपा के दरवाजे बंद- अखिलेश

कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी का नाम आने पर अखिलेश ने साफ कहा, ‘उनके लिए सपा के दरवाजे बंद हैं.’उन्होंने दावा किया कि बुरे दिन जाने वाले हैं और अगली सरकार सपा बनाएगी. बसपा के साथ गठबंधन पर सवाल टालते हुए अखिलेश यादव ने बात घुमा दी. वहीं, BJP UP अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अखिलेश के आरोपों पलटवार करते हुए कहाकि सपा प्रमुख का बयान लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विरुद्ध और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला है.

पंकज चौधरी ने सपा पर किया पलटवार

पंकज चौधरी ने आरोप लगाया कि अखिलेश की नीयत में संविधान के प्रति सम्मान नहीं, बल्कि सिर्फ सत्ता की बेचैनी दिख रही है.उन्होंने कहा, सपा जनता का समर्थन नहीं मिलने पर लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल खड़े करके अपनी राजनीतिक हताशा छिपाने का प्रयास करती है. उनकी भाषा और व्यवहार दर्शाता है कि वे अपनी खिसकती हुई राजनीतिक जमीन से परेशान हैं. पंकज चौधरी ने आगे कहा कि संविधान की दुहाई देकर चुनाव आयोग, सुरक्षा बलों और जांच एजेंसियों को लगातार निशाना बनाना सपा की अराजक मानसिकता को उजागर करता है.

दोनों पार्टियों ने किए अपने-अपने दावे

भाजपा नेता ने दावा किया कि प्रदेश की जनता अब विकास, सुशासन, सुरक्षा और राष्ट्रहित की राजनीति के साथ है. उन्होंने कहा, जनता सपा की नकारात्मक, निराशाजनक और लोकतंत्र विरोधी राजनीति का तीसरी बार भी सफाया करने के लिए तैयार है. वहीं, अखिलेश यादव 2027 चुनाव में समाजवादी पार्टी की जीत का दावा कर रहे हैं. दोनों ही पार्टियां यूपी की सत्ता पर काबिज होने के लिए लगातार नई-नई रणनीतियां बना रही हैं.

Follow Us