पेट्रोल-डीजल के रेट में बढ़ोतरी पर अखिलेश यादव का तंज, बोले- आगे बढ़ना है तो साइकिल ही विकल्प है

पेट्रोल-डीजल के रेट में 3 रुपये की बढ़ोतरी पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने तंज कसा है. उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा है कि 'आगे बढ़ना है तो साइकिल ही विकल्प है'. इससे पहले जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोना कम खरीदने और पेट्रोल-डीजल की बचत करने की अपील की थी तो अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा था कि चुनाव ख़त्म होते ही, ‘संकट’ याद आ गया.

सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव

देशभर में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 3 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. इसके अलावा सीएनजी के रेट में भी दो रुपये इजाफा हुआ है. अब इस इजाफे तंज कसते हुए समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा है कि ‘आगे बढ़ना है तो साइकिल ही विकल्प है’.

पीएम मोदी की अपील के बाद भी अखिलेश ने कसा था तंज

इससे पहले भी जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से पेट्रोल-डीजल की बचत करने और सोना कम खरीदने की अपील की थी तब भी अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए अपने एक्स अकाउंट पर लिखा था कि चुनाव ख़त्म होते ही, ‘संकट’ याद आ गया. दरअसल देश के लिए ‘संकट’ सिर्फ़ एक है और उसका नाम है बीजेपी है’.

अखिलेश ने आगे कहा था कि इतनी सारी पाबंदियां लगानी पड़ीं तो ‘पंच ट्रिलियन डॉलर की जुमलाई अर्थव्यवस्था’ कैसे बनेगी? लगता है भाजपा सरकार के हाथ से लगाम पूरी तरह छूट गयी है. डॉलर आसमान छू रहा है और देश का रुपया पातालोन्मुखी हो गया है.

पेट्रोल-डीजल के रेट पर इमरान प्रतापगढ़ी का भी बीजेपी पर हमला

कांग्रेस नेता इमरान प्रतापगढ़ी ने भी पीएम मोदी पर तंज कसा है. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट एक्स पर लिखा कि उधर मोदी जी विदेश यात्रा पर गये और इधर देश को पेट्रोल और डीजल की मंहगाई का तोहफा देकर गए. उन्होंने चुनाव को याद करते हुए कहा कि काश अभी तक चुनाव चल रहे होते तो पेट्रोल डीजल मंहगा ना होता.

क्यों बढ़ाया गया पेट्रोल-डीजल का रेट

बता दें कि पेट्रोल-डीजल के रेट में बढ़ोतरी की मुख्य वजह मिडिल ईस्ट में जारी ईरान-अमेरिका के बीच की जंग बताई जा रही है. दोनों देशों के बीच सीजफायर के बाद भी होर्मुज स्ट्रेट से तेल की आवाजाही प्रभावित है. होर्मुज स्ट्रेट से अब भी तेल के टैंकर नहीं निकल पा रहे हैं. इसके चलते कच्चे तेल की कीमतों में काफी बढ़ोतरी हो गई है. ऐसे में माना जा रहा है तेज कंपनियों ने इसी के चलते पेट्रोल-डीजल के रेट में बढ़ोतरी की है.

Follow Us