कैशियर ने कंपनी के 63.72 लाख रुपये का किया गबन, सीतापुर से आरोपी गिरफ्तार
लखनऊ के आलमबाग में कंपनी के 63 लाख 72 हजार 463 रुपये के गबन के मामले में पुलिस ने कैशियर आकाश श्रीवास्तव को सीतापुर से गिरफ्तार किया है. आरोपी श्रेया ऑटो वर्ल्ड प्राइवेट लिमिटेड में कैशियर था. कंपनी निदेशक गगन दीप सिंह नरूला की शिकायत के मुताबिक, जून से अक्टूबर 2025 के बीच आकाश ने डे-बुक में दर्ज रकम निकाली और कंपनी को बैंक में जमा करने की जानकारी दी, लेकिन बैंक खाते में रकम जमा नहीं हुई.
लखनऊ के आलमबाग में कंपनी के 63 लाख 72 हजार रुपये के गबन के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. कंपनी में कैशियर के पद पर तैनात आरोपी पर डे-बुक में दर्ज रकम निकालने और उसे बैंक में जमा नहीं करने का आरोप है. शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया और करीब छह महीने बाद आरोपी को सीतापुर से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी आकाश श्रीवास्तव, श्रेया ऑटो वर्ल्ड प्राइवेट लिमिटेड में कैशियर के पद पर काम करता था.
कंपनी के निदेशक गगन दीप सिंह नरूला ने पुलिस को शिकायत दी कि आकाश ने जून 2025 से अक्टूबर 2025 के बीच अलग-अलग तारीखों में कंपनी की रकम निकाली. डे-बुक में दर्ज प्रविष्टियों के मुताबिक, कुल 63 लाख 72 हजार 463 रुपये निकाले गए. आरोप है कि रकम निकालने के बाद आकाश ने कंपनी को बताया कि पैसा बैंक में जमा कर दिया गया है, लेकिन जब कंपनी ने बैंक खाते का सत्यापन कराया तो वहां इतनी रकम जमा होने की पुष्टि नहीं हुई.
इसके बाद कंपनी की ओर से आरोपी से रकम वापस करने को कहा गया. कई बार कहने के बावजूद रकम वापस नहीं की गई. कंपनी की शिकायत के आधार पर 26 फरवरी 2026 को आलमबाग थाने में मुकदमा दर्ज किया गया. आरोपी के खिलाफ धारा 316(5) BNS के तहत केस दर्ज किया गया. इसके बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी, लेकिन आरोपी लखनऊ में नहीं मिला तो पुलिस टीम सीतापुर पहुंची.
आलमबाग थाना पुलिस की टीम सीतापुर के महोली थाना क्षेत्र स्थित ग्राम कुसैला पहुंची. पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने घर पर मौजूद था. आरोपी आकाश श्रीवास्तव को उसके खिलाफ दर्ज मुकदमे और आरोपों की जानकारी देते हुए 4 सितंबर की रात करीब 1 बजकर 16 मिनट पर उसके घर से हिरासत में लिया गया. पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है. पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी दूसरे थानों और जिलों से जानकारी जुटा रही है.
