अंबेडकर जयंती पर यूपी के 6 जिलों में हुआ बवाल, लखीमपुर खीरी में पुलिस पर हमला, गाड़ियों में लगाई गई आग

अंबेडकर जयंती के दिन उत्तर प्रदेश के 6 जिलों से हिंसा की खबरें आईं. सबसे हिंसक घटना लखीमपुर खीरी जिले के मोतीपुर गांव में हुई. यहां अबेंडकर प्रतिमा के टूटने के बाद हिंसक भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया. साथ ही कई सरकारी गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया.

लखीमपुर में सरकारी गाड़ियों में लगाई गई आग Image Credit:

14 अप्रैल को डॉक्टर भीमराव अंबेडकर जयंती के मौके पर उत्तर प्रदेश के कम से कम 6 जिलों में तनाव, मारपीट, पथराव, आगजनी और प्रतिमा तोड़ने की घटनाएं हुईं. कहीं बिना अनुमति प्रतिमा स्थापित करने पर विवाद हुआ, कहीं शोभायात्रा के रास्ते को रोका गया. वहीं, कुछ जगहों पर दो दलित गुटों में ही आपस में झड़प हो गई. इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की खबर है. सरकारी और निजी वाहनों को भी आग के हवाले किया गया.

सबसे हिंसक घटना लखीमपुर खीरी जिले के मोतीपुर गांव में हुई. बौद्ध विहार की खाली भूमि पर दोपहर में अम्बेडकर प्रतिमा स्थापित कर रैली निकाली गई. शाम को स्थानीय महिला चंदा देवी ने पुलिस के साथ पहुंचकर बिना अनुमति की प्रतिमा हटवाने की कोशिश की. ग्रामीणों ने विरोध किया तो छीना-झपटी में अम्बेडकर की प्रतिमा टूट गई.

फिर आक्रोशित भीड़ ने सड़क जाम कर पुलिस पर पथराव किया, सीओ गोला और नायब तहसीलदार की गाड़ी क्षतिग्रस्त कर दी तथा दो सरकारी गाड़ियों को सड़क पर पलटकर आग लगा दी. कुछ पुलिसकर्मी और ग्रामीण घायल हुए. देर शाम डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल और एसपी डॉ. ख्याति गर्ग मौके पर पहुंचे. फिलहाल, इलाके में पीएसी तैनात कर दी गई.

कासगंज (सहावर)

चहका गुनार गांव में शोभायात्रा का रास्ता एक जाति विशेष के लोगों ने ट्रैक्टर-थ्रेशर खड़ा कर रोक लिया. पुलिस ने रास्ता खुलवाने की कोशिश की तो छतों से पहले से जमा ईंट-पत्थर बरसाए गए. डीएम और एसपी फोर्स लेकर पहुंचे. आंसू गैस के गोले दागकर और बल प्रयोग से उपद्रवियों को खदेड़ा गया. 10 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया. रात में शोभायात्रा निकाली गई. एसपी ने कहा कि वीडियो फुटेज से सभी उपद्रवियों की पहचान की जा रही है.

अम्बेडकरनगर

महरुआ के नसीरपुर गांव में सुबह नौ बजे बिना अनुमति अम्बेडकर प्रतिमा स्थापित कर दी गई. महिलाओं ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. करीब नौ घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीण शांत हुए. इसके बाद पुलिस ने प्रतिमा हटवा दी. गांव में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात है.

आगरा

आवास विकास कॉलोनी के परशुराम चौक पर बाइक रैली निकाल रहे युवकों ने नीला झंडा लहराया, चप्पल पहनकर चौक पर चढ़ गए और नारेबाजी की. वीडियो वायरल होने पर ब्राह्मण समाज के लोग मौके पर पहुंचे और धरना दे दिया. डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई का भरोसा दिया.

लखनऊ (सरोजनीनगर)

बंथरा के शिवपुरा-अम्बेडकरनगर इलाके में बौद्ध प्रार्थना से पहले प्रतिमा पर माल्यार्पण को लेकर दलितों के दो गुटों में झड़प हो गई. मारपीट, पथराव और हवाई फायरिंग हुई. पंचायत प्रतिनिधि की दो एसयूवी क्षतिग्रस्त कर दी गईं. तीन लोग घायल हुए. भारी पुलिस बल पहुंचने पर स्थिति संभली. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई. पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया. डीसीपी साउथ अमित आनंद ने लापरवाही बरतने पर दरोगा विपिन कुमार को निलंबित कर दिया.

बाराबंकी (सुबेहा)

शरीफाबाद गांव में निजी भूमि पर बिना सरकारी अनुमति अम्बेडकर प्रतिमा स्थापित करने और कार्यक्रम आयोजित करने की सूचना पर एसडीएम राजेश विश्वकर्मा पुलिस बल के साथ पहुंचे. आयोजकों को अनुमति लेकर दोबारा स्थापना करने को कहा गया. प्रतिमा को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कर दिया गया. गांव में पुलिस तैनात की गई.ये सभी घटनाएं अम्बेडकर जयंती के दिन या ठीक पहले हुईं. प्रशासन ने हर जगह भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में लाने की कोशिश की है. वीडियो फुटेज के आधार पर कार्रवाई जारी है.

Follow Us