‘आखिर बाहर आ ही गए सुरंगजीवी…’ ऐसा किसके लिए बोले अखिलेश, चढ़ावा चोरी पर दिया बड़ा बयान
अखिलेश यादव ने श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि आखिरकार सुरंगजीवियों को बाहर आना ही पड़ा. दरअसल अब अपयश का पानी सुरंग में गले तक भर गया है. फिर भी 140 करोड़ देशवासी और दुनियाभर से चंदा-दान देने वाले सनातनी अब सवाल पूछ रहे हैं.
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि आखिरकार सुरंगजीवियों को बाहर आना ही पड़ा. दरअसल अब अपयश का पानी सुरंग में गले तक भर गया है. फिर भी 140 करोड़ देशवासी और दुनियाभर से चंदा-दान देने वाले सनातनी अब सवाल पूछ रहे हैं. उनका सवाल ही है कि हर काम में आगे रहने वाले, इस घोर-गंभीर मसले पर खुद सामने क्यों नहीं आए?
अखिलेश यादव ने कहा कि इन लोगों ने अपने से पीछे वाले को क्यों आगे कर दिया था, क्या इसमें भी कोई साजिश है, कहीं ये सोचकर तो साजिश नहीं रची गई कि ‘महापाप’ के दोष और जनाक्रोश से खुद को बचा लो और दूसरे को फंसाकर उससे सफाई दिलवा दो. उन्होंने कहा कि जो षडयंत्रजीवी रहे हैं, अब तो वो आपस में भी एक-दूसरे की मुखबिरी कर रहे हैं. लेकिन बंटवारे की लड़ाई सारे राज खोल देगी.
न अयोध्या क्षमा करेगा, न देश
अखिलेश यादव ने कहा कि जो शातिर थे वो सेंध लगाकर, बोरी भरकर सुरंग के रास्ते बहुत दूर निकल गये हैं. वही ‘असली पापी’ हैं, लेकिन वो याद रखें कि जहां भूमिगत मार्ग खत्म होगा, उस अगले ही छोर पर ‘सत्य’ खड़ा है. यही सत्य उनके पापों की सजा देने का काम करेगा. इसके लिए इनके बाहर आने की प्रतीक्षा कर रहा है. अब इन्हें न अयोध्या क्षमा करेगा, न ही देश. इन्हें प्रभु श्रीराम भी क्षमा नहीं करने वाले, जिनके खजाने को इन्होंने बेरहमी, बेदर्दी और बेशर्मी से लूटा है.
प्रदेश अध्यक्ष ने जारी किया प्रेस नोट
अखिलेश यादव ने यह बयान समाजवादी पार्टी के प्रेसनोट के जरिए दिया है. उनके बयान का प्रेसनोट पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने जारी किया है. अपने बयान में अखिलेश यादव ने भाजपा और प्रदेश सरकार पर हमला बोला. कहा कि प्रदेश की जनता इनकी हकीकत जान चुकी है और जवाब देने के लिए तैयार है. बस इंतजार आगामी विधानसभा चुनाव का है. इस चुनाव में लोग अपने वोट की ताकत से इन्हें उखाड़ फेकेंगे.
