BJP का मिशन-2027: यूपी के हर जिले का दौरा करेंगे पंकज चौधरी, जानिए क्यों?
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेज करते हुए भाजपा ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा अभियान शुरू किया है. प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी जून से अगस्त तक प्रदेश के सभी जिलों का दौरा करेंगे. इस दौरान सांसदों, विधायकों, एमएलसी, जिला पंचायत अध्यक्षों और संगठन पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सरकार की योजनाओं, संगठन की स्थिति और विपक्ष की रणनीति पर चर्चा की जाएगी.
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव भले अभी 6 महीने दूर हों, लेकिन भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अभी से चुनावी तैयारी तेज कर दी है. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अगस्त तक प्रदेश के सभी जिलों का दौरा करने का रोडमैप तैयार किया है. इसे सिर्फ संगठनात्मक दौरा नहीं बल्कि मिशन-2027 की जमीन तैयार करने की कवायद माना जा रहा है. लोकसभा चुनाव और उपचुनावों के बाद अब भाजपा का पूरा फोकस 2027 विधानसभा चुनाव पर है.
इसी रणनीति के तहत प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी प्रदेश के सभी जिलों का दौरा करेंगे. यह दौरा जून से शुरू होकर अगस्त तक चलेगा. इस दौरान संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और स्थानीय मुद्दों की समीक्षा की जाएगी. दौरे के दौरान पंकज चौधरी हर जिले में सांसदों, विधायकों, विधान परिषद सदस्यों, जिला पंचायत अध्यक्षों, पूर्व सांसदों और पूर्व विधायकों के साथ अलग-अलग बैठक करेंगे.
हर पदाधिकारी से मिलेंगे पंकज चौधरी
इन बैठकों में सरकार की योजनाओं की जमीनी स्थिति, संगठन की सक्रियता और विपक्ष की रणनीति पर चर्चा होगी. भाजपा नेतृत्व का मानना है कि विधानसभा चुनाव केवल सरकार के कामकाज के आधार पर नहीं बल्कि मजबूत बूथ संगठन के दम पर भी जीते जाते हैं. यही वजह है कि प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने जिला कार्यकारिणी और मंडल स्तर के पदाधिकारियों के साथ भी विस्तृत संवाद का कार्यक्रम रखा है.
वरिष्ठ कार्यकर्ता के घर पर भी जाएंगे
दौरे की सबसे खास बात यह है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी हर जिले में विचार परिवार से जुड़े किसी वरिष्ठ कार्यकर्ता के घर जाएंगे. इसके अलावा पार्टी के पुराने और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया जाएगा. भाजपा इसे संगठनात्मक संस्कृति और कार्यकर्ता सम्मान अभियान का हिस्सा बता रही है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह कार्यक्रम केवल औपचारिक संगठनात्मक गतिविधि नहीं है.
तीसरी बार सरकार बनाना है लक्ष्य
दरअसल भाजपा 2027 के चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं के बीच यह संदेश देना चाहती है कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व सीधे जमीनी कार्यकर्ताओं के संपर्क में है और उनकी राय को महत्व दिया जा रहा है. उत्तर प्रदेश में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर चल रही है. वहीं समाजवादी पार्टी PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण को मजबूत करने में जुटी है. कांग्रेस भी दलित नेतृत्व को आगे बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है.
ये फीडबैक जुटाएगी पार्टी
सूत्रों की मानें तो जिलों के दौरों के दौरान पार्टी स्थानीय स्तर पर संगठन की ताकत, कमजोर सीटों की पहचान, जातीय समीकरण और संभावित उम्मीदवारों को लेकर भी फीडबैक जुटाएगी. यही फीडबैक आगे चलकर मिशन-2027 की रणनीति का आधार बनेगा. प्रदेश के सभी जिलों में प्रस्तावित यह दौरा साफ संकेत देता है कि भाजपा ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां पूरी तरह शुरू कर दी हैं.
