कांग्रेस दफ्तर की ओर BJP का मार्च, कांग्रेसियों ने उठाई लाठी; लखनऊ में जबरदस्त हंगामा

लखनऊ में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच बुधवार को राजनीतिक टकराव की स्थिति बन गई. भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय की ओर मार्च कर रहे थे, जबकि कांग्रेस कार्यकर्ता भी विरोध के लिए कार्यालय के बाहर जुट गए. स्थिति को देखते हुए पुलिस ने बैरिकेडिंग कर दोनों पक्षों को रोक दिया और भारी पुलिस बल तैनात किया. कांग्रेस की कुछ महिला कार्यकर्ता लाठियां लेकर प्रदर्शन करती दिखीं.

एक तरफ बीजेपी का मार्च तो दूसरी ओर कांग्रेसियों ने उठाई लाठी

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच राजनीतिक टकराव की स्थिति बन गई. भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय की ओर मार्च किया, जबकि दूसरी ओर कांग्रेस कार्यकर्ता भी विरोध की तैयारी के साथ कार्यालय के बाहर जुट गए. दोनों पक्षों के आमने-सामने आने की आशंका को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने भारी सुरक्षा व्यवस्था कर दी. साथ ही बीजेपी के मार्च को रोक दिया.

जानकारी के अनुसार, भाजपा कार्यकर्ता राहुल गांधी समेत कांग्रेस नेताओं के हालिया विरोध-प्रदर्शनों और पार्टी नेतृत्व के बयानों के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए कांग्रेस प्रदेश कार्यालय की ओर बढ़े. दूसरी ओर कांग्रेस कार्यकर्ता भी कार्यालय परिसर के बाहर डटे रहे. इस दौरान कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं के हाथों में लाठी थी. मौके पर दोनों दलों के समर्थकों के बीच नारेबाजी हुई, जिससे कुछ देर के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया.

कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने उठाई लाठी

स्थिति को देखते हुए पुलिस ने पहले से ही कांग्रेस कार्यालय के आसपास बैरिकेडिंग कर दी थी. बड़ी संख्या में पुलिस और पीएसी के जवान तैनात किए गए ताकि दोनों पक्ष आमने-सामने न आ सकें. अधिकारियों ने दोनों दलों के नेताओं से बातचीत कर माहौल शांत रखने की अपील की. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कांग्रेस कार्यकर्ता भी विरोध जताने के लिए लाठियां लेकर तैयार दिखाई दिए. पुलिस ने किसी भी तरह की हिंसक स्थिति बनने से पहले ही सुरक्षा घेरा मजबूत कर दिया.

राहुल गांधी के प्रदर्शन के विरोध में था BJP का मार्च

पुलिस ने किसी भी पक्ष को बैरिकेडिंग पार करने की अनुमति नहीं दी. यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब NEET परीक्षा और पेपर लीक को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज है. हाल के घटनाक्रमों को लेकर दोनों दल एक-दूसरे पर लगातार हमलावर हैं, जिसका असर अब उत्तर प्रदेश की राजनीति में भी दिखाई देने लगा है. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अगुवाई में बीजेपी कार्यकर्ता आज कांग्रेस कार्यालय कूच कर रहे थे.

अजय राय बोले- ‘खास स्वागत’ की पूरी तैयारी

इस बीच कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा, ‘आज पता चला कि BJP के कुछ कार्यकर्ता हमारे कांग्रेस मुख्यालय की तरफ आ रहे थे… हमने भी अपने मेहमानों के ‘खास स्वागत’ की पूरी तैयारी कर ली थी, लेकिन डरी हुई भाजपा सरकार ने भारी पुलिस बल भेजकर घेराबंदी करवा दी और अपने ही लोगों को रोक दिया… BJP वाले याद रखें—कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता शांत और सज्जन ज़रूर है, लेकिन ईंट का जवाब पत्थर से देने के लिए हर तरह से सक्षम और तैयार भी है.’

पुलिस ने बीजेपी और कांग्रेस दोनों को रोका

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और किसी को भी शांति भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी. संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रखा गया है तथा पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है. फिलहाल पुलिस की सतर्कता के चलते कोई बड़ी अप्रिय घटना सामने नहीं आई है. प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और आवश्यकतानुसार सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकता है.

Follow Us