‘SDM से कह दो…’ सुपरवाइजर को मैसेज लिख लापता हो गए BLO, 23 दिन बाद भी नहीं लगा सुराग
लखनऊ में एक शिक्षामित्र (BLO) दिलीप कुमार सिंह 23 दिन से लापता हैं. लापता होने से पहले उन्होंने काम के भारी दबाव के कारण अपने सुपरवाइजर को मैसेज किया था कि 'SDM से कह दो नौकरी ले लें, अब हमसे नहीं होता'. परिवार तनाव और पुलिस की निष्क्रियता से परेशान है, पत्नी दीपिका ने रक्षामंत्री से भी मदद की गुहार लगाई है.
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक बार फिर SIR में लगे कर्मचारियों पर काम के दबाव मामला सामने आया है. लखनऊ के जानकीपुरम थाना क्षेत्र से रहने वाले एक बीएलओ का काम कर रहे शिक्षामित्र दिलीप कुमार सिंह (46) बीते 23 दिनों से लापता है. लापता होने से पहले उन्होंने काम के दबाव के संबंध में ग्रुप में अपने सुपरवाइजर को मैसेज किया था. इसमें उन्होंने लिखा था कि ‘एसडीएम से कह दो, उन्हें नौकरी लेनी हैं तो ले लें. अब हमसे नहीं होता’. इसके बाद से ही उनका फोन बंद है.
इससे पहले बीएलओ दिलीप कुमार सिंह 23 फरवरी की सुबह करीब 8:30 बजे घर से यह कहकर निकले थे कि “नाश्ता तैयार करो, अभी वापस आ रहा हूं”. उसके बाद से वह घर नहीं लौटे, लेकिन करीब 10 बजे उन्होंने अपनी मां को फोन किया था. उन्हें बताया था कि एसआईआर की वजह से उन्हें समय नहीं मिल रहा. काम का बहुत दबाव है. करीब तीन घंटे तक इंतजार के बाद पत्नी दीपिका सिंह ने उन्हें फोन किया, लेकिन उस समय तक उनका मोबाइल स्विच ऑफ हो चुका था.
शाम को ऑन किया था फोन
परिजनों के मुताबिक दिन भर फोन बंद रखने के बाद शाम करीब 5 बजे दिलीप सिंह ने फोन ऑन किया और बीएलओ के ग्रुप में अपने सुपरवाइजर सुषमा को मैसेज भेजा. इसमें उन्होंने लिखा कि वह SIR का काम छोड़ रहे हैं. उनका नोटिस फॉर्म बाइक के बैग में है, यदि जरूरत हो तो ले लें. वह SIR और नौकरी के दबाव में परेशान हैं. जब सुपरवाइजर ने उनकी लोकेशन पूछी तो उन्होंने जवाब में लिखा कि एसडीएम से कह दो कि उन्हें नौकरी लेनी है तो ले लें, बार बार दबाव बना रहे हैं.
पत्नी ने दर्ज कराई गुमशुदगी
दिलीप कुमार सिंह मूल रूप से लखीमपुर खीरी के रहने वाले हैं और वर्तमान में जानकीपुरम विस्तार सेक्टर-3 में किराए के मकान में रहते हैं. परिवार में पत्नी दीपिका सिंह, दो बेटियां अनन्या (कक्षा 11), आकृति (कक्षा 6) और बेटा सार्थक (कक्षा 3) हैं. बेटी अनन्या के मुताबिक, 23 फरवरी की सुबह करीब 10 बजे उनके पिता ने दादी उर्मिला सिंह को फोन किया था. लेकिन उसके बाद से उनसे कोई बात नहीं हो सकी है. पत्नी दीपिका सिंह ने बताया कि पिछले कुछ समय से वह SIR कार्य को लेकर मानसिक तनाव में थे.
रक्षामंत्री से भी लगाई गुहार
पत्नी दीपिका सिंह ने पति के लापता होने पर पुलिस में शिकायत दी और गुमशुदगी दर्ज कराई. लेकिन 23 दिन बाद भी पुलिस को दिलीप सिंह का कोई सुराग नहीं मिला है. ऐसे में दीपिका ने एक बार फिर से वीडियो जारी कर पुलिस और प्रशासन से पति की तलाश करने की गुहार लगाई है. इससे पहले उन्होंने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी मुलाकात की थी. उनसे भी न्याय की गुहार लगाई थी.