मासूम को दीवार पर पटका, लाठी से पीटा; पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आई मां-बाप की बर्बरता

लखनऊ में 4 साल के मासूम बच्चे की बर्बर हत्या ने सबको झकझोर दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि बच्चे को दीवार पर पटका गया और लाठी से पीटा गया, जिससे उसे 21 गंभीर चोटें आईं और हड्डियां टूट गईं. बच्चे के पिता और सौतेली मां को गिरफ्तार कर लिया गया है. यह घटना बाल शोषण की भयावहता दर्शाती है.

सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक ऐसी घटना हुई है, जिसे सुनकर कलेजा हाथ में आ जाए. राजधानी के चौक स्थित लाजपतनगर में एक 4 साल के बच्चे की गुरुवार को संदिग्ध हालात में हुई मौत हुई थी. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया तो पता चला कि इस मासूम बच्चे को ना केवल लाठी से पीटा गया था, बल्कि उसे दीवार पर बार बार पटका गया था. पोस्टमार्टम में बच्ची की मौत की वजह हड्डी टूटना और 21 गंभीर चोट बताया गया है. पुलिस ने इस मामले में बच्चे के पिता और सौतेली मां को अरेस्ट कर लिया है.

पुलिस के मुताबिक उन्नाव के शुक्लागंज स्थित अंबिकापुरम में रहने वाली बच्चे की नानी सुधा ने पुलिस में तहरीर दी है. इसमें उन्होंने बच्चे के पिता भीष्म और सौतेली मां रागिनी पर बच्चे की पीट-पीटकर हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है. तहरीर के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर दोनों को हिरासत में लिया और पूछताछ की. इसमें दोनों वारदात कबूल लिया है. साथ ही आरोपियों ने वारदात की वजह भी बताई है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.

वकील है आरोपी पिता

पुलिस के मुताबिक लाजपत नगर में रहने वाले मासूम बच्चे का पिता भीष्म एक वकील है. साथ में वह केजीएमयू के पास फोटो स्टेट की दुकान भी करता है. बच्चे के मामा रोहित कश्यप ने बताया कि उन्हें गुरुवार को अर्नव की मौत की सूचना मिली थी. उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे. उन्होंने बच्चे की हालत देखकर पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने पर पहुंची उनकी मां यानी बच्चे की नानी ने भी शव को देखा. इसके बाद पुलिस में आरोपी पिता और सौतेली मां के खिलाफ तहरीर दी है.

भीष्म ने की है दूसरी शादी

बच्चे के मामा रोहित के मुताबिक साल 2020 में उसकी बहन स्वाती (अर्नव की मां) की शादी भीष्म के साथ हुई थी. वहीं इसके एक साल बाद यानी 16 अक्तूबर 2021 को बच्चे का जन्म हुआ. फिर अप्रैल 2022 में उसकी बहन की मौत हो गई. ऐसे में वह बच्चे को परवरिश के लिए अपने साथ ले गए थे. इसी बीच भीष्म ने दूसरी शादी कर ली और कोर्ट से बच्चे की कस्टडी भी ले ली. आरोप है कि कस्टडी मिलने के बाद आरोपी बच्चे को अपने घर ले आए और एक हद तक उसे टार्चर करते थे. यहां तक कि उसे दो-दिन तक भूखा रखा जाता था.

दिल दहला देगी पोस्टमार्टम रिपोर्ट

बच्चे के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके शरीर पर गंभीर चोटों के कुल 21 निशान मिले हैं. इसके अलावा सिगरेट से दागने और प्रेस से जलाने के भी निशान मिले हैं. डंडे से बच्चे के हाथ-पैर, कूल्हे, पीठ और चेहरे पर चोट के निशान नजर आ रहे हैं. यही नहीं, उसके शरीर में कई जगह अंदरुनी चोटें भी हैं. इन चोटों की वजह से बच्चे शरीर नीला पड़ गया था. कई जगह से खाल तक उधड़ गई थी.

पुलिस को ही धमकाने लगा आरोपी

पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों ने प्राथमिक पूछताछ में पहले तो गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन मौके से मिले सबूतों को लेकर उनसे पूछताछ की गई तो दोनों ने वारदात को कबूल लिया. हालांकि इसमें भी आरोपियों ने पुलिस को बरगलाने की कोशिश की. पहले बताया कि सीढ़ी से गिर गया था. फिर कहा कि गुस्से में थप्पड़ मारा तो मर गया. यही नहीं, पुलिस ने जब उसे अरेस्ट कर जेल भेजने की बात की तो आरोपी ने उल्टा पुलिस को ही धमकाने लगा कि वह वकील है और उसे पुलिस जेल नहीं भेज सकती.

Follow Us