15000 वेतन का वादा, मिल रहे सिर्फ 7-8 हजार… सड़क पर उतरे CM हेल्पलाइन के कर्मचारी
लखनऊ में सीएम हेल्पलाइन 1076 के कर्मचारियों ने वेतन कटौती को लेकर प्रदर्शन किया. कहना है कि उन्हें 15 हजार रुपये मासिक वेतन का वादा किया गया था, लेकिन केवल 7-8 हजार मिल रहे हैं, और दो महीने की सैलरी भी अटकी है. अपनी मांगों को लेकर वे सीएम कार्यालय की ओर बढ़े, जहां पुलिस ने उन्हें रोका.
लखनऊ में गुरुवार को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 से जुड़े कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया. वी विन लिमिटेड कंपनी के करीब 200 कर्मचारी सुबह 9:30 बजे गोमतीनगर स्थित साइबर टावर पर इकट्ठा हुए. यहां से नारे लगाते लोहिया पथ से मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर बढ़ चले. इस दौरान पुलिस उन्हें रोकने की कोशिश की, कर्मचारी नहीं माने तो घसीटकर किनारे कर दिया.
कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें 15 हजार रुपये मासिक वेतन का वादा किया गया था, लेकिन सिर्फ 7-8 हजार रुपये ही दिए जा रहे हैं. दो महीने की सैलरी भी रोकी जा रही है. ठेकेदार के माध्यम से बार-बार वेतन बढ़ाने की मांग करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है. वह मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचकर शिकायत दर्ज कराते, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया.
पुलिस ने बलपूर्वक कर्मचारियों को सड़क पर घसीटा
साइबर टावर से लोहिया पार्क तक पहुंचने के दौरान पुलिस ने कर्मचारियों को चार बार रोकने की कोशिश की, लेकिन कर्मचारी नहीं माने. धीरे-धीरे पुलिस बल बढ़ता गया और संगीत नाटक अकादमी के सामने बैरिकेडिंग कर दी गई. जब कर्मचारी रुकने को तैयार नहीं हुए तो पुलिसकर्मियों ने उन्हें बलपूर्वक घसीटकर सड़क किनारे कर दिया.
इस दौरान एक कर्मचारी भावुक होकर रो पड़ा और कहा, हेल्पलाइन ऑफिस में फोन जमा करा लिया जाता है. सैलरी 15 हजार रुपये हर महीने के लिए कही गई थी. लेकिन हमें केवल 7-8 हजार रुपये दिए जा रहे हैं. दो महीनों से कुछ नहीं मिला है. उनका कहना है कि बेहद कम वेतन और अनियमित भुगतान के कारण वे आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं.
संवेदनशील विभाग में कर्मचारियों की दयनीय स्थिति
फिलहाल कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है. मौके पर अतिरिक्त बल तैनात है. सीएम हेल्पलाइन 1076 उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण जन-सेवा योजना है, जिसमें आम नागरिक शिकायतें दर्ज कराते हैं. यह घटना मुख्यमंत्री हेल्पलाइन जैसे संवेदनशील विभाग में काम करने वाले कर्मचारियों की दयनीय स्थिति को उजागर करती है.
