बीवी से ऐसी क्या दुश्मनी? पहले पत्थर से कूचकर ली जान, फिर 3 घंटे तक बच्चे को लेकर घूमता रहा कांस्टेबल

लखनऊ में एक पुलिस कांस्टेबल ने अपनी पत्नी की पत्थर से कूचकर हत्या कर दी. घटना महानगर थाना क्षेत्र की पेपर मिल कॉलोनी में हुई, जहां हिमांशु श्रीवास्तव ने घरेलू विवाद के चलते रश्मि श्रीवास्तव को मौत के घाट उतारा. आरोपी करीब ढाई घंटे मकान मालिक के पास बैठा रहा और फिर तीन घंटे बच्चे के साथ घूमता रहा. पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है.

वारदात के बाद पसरा मातम Image Credit:

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. यहां महानगर थाना क्षेत्र की पेपर मिल कॉलोनी में रविवार को एक पुलिस कांस्टेबल ने अपनी ही पत्नी की हत्या कर दी. मृतका की पहचान रश्मि श्रीवास्तव के रूप में हुई है. आरोपी हिमांशु श्रीवास्तव लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के सूचना जन प्रकोष्ठ में तैनात है. वह वर्ष 2011 बैच का दीवान है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

पुलिस के मुताबिक हिमांशु और रश्मि की शादी वर्ष 2015 में हुई थी. शादी के बाद से ही दोनों के बीच विवाद चल रहा था. पिछले दो साल से दोनों पेपर मिल कॉलोनी में मकान मालिक अंशुमान श्रीवास्तव के यहां किराए पर रह रहे थे. करीब एक साल पहले उनके घर में बच्चे का जन्म हुआ था. बताया जा रहा है कि रविवार को किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच काफी विवाद हुआ था. इसी दौरान हिमांशु ने रश्मि के सिर पर पत्थर से कई बार वार किया. इससे रश्मि की मौके पर ही मौत हो गई.

ढाई घंटे मकान मालिक के पास बैठा रहा आरोपी

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हिमांशु श्रीवास्तव करीब ढाई घंटे तक मकान मालिक के पास बैठा रहा. इसके बाद वह करीब तीन घंटे तक बच्चे को अपने साथ लेकर इधर से उधर घूमता रहा. इसी बीच किसी ने डायल-112 के जरिए घटना की जानकारी पुलिस को दे दी. इस सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी कांस्टेबल को हिरासत में लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. पुलिस मामले की जांच कर ही है.

मौके पर पहुंचे डीसीपी

वारदात की सूचना पर डीसीपी सेंट्रल खुद मौके पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल की. उन्होंने बताया कि आरोपी हिमांशु श्रीवास्तव पुलिस फोर्स में मुख्य आरक्षी है और उसकी तैनाती इस समय सूचना अधिकार प्रकोष्ठ डालीगंज में है. आरोपी ने अब तक की पूछताछ में वारदात की कोई ठोस वजह नहीं बताई है. हालांकि पुलिस अपने स्तर पर फोरेंसिक टीम की मदद से मामले की जांच कर रही है. इस वारदात के संबंध में मृतका के भाई सौरभ श्रीवास्तव ने तहरीर दी है.

Follow Us