लखनऊ में सुबह 9 बजे ही छा गया अंधेरा, तेज हवाओं के साथ बारिश, जाने कैसा रहेगा मौसम

लखनऊ में इस वक्त तेज बारिश हो रही है. साथ ही 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल रही है. मौसम विभाग ने प्रदेश की राजधानी में अगले 3 दिन तक आंधी और बारिश की स्थिति का अलर्ट जारी किया है.फिलहाल, आज लखनऊ का तापमान 23 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.

लखनऊ में बारिश

लखनऊ में तेज आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश की स्थिति देखी जा रही है. आसमान में घने बादल दिख रहे हैं. दिन की शुरुआत होते ही सुबह 9 बजे घना अंधेरा छा गया. दिन में ही रात जैसे नजारा दिख रहा है. इस दौरान तकरीबन 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलते दिखी.

अगले 3 दिन लखनऊ में होगी बारिश

मौसम विभाग ने राजधानी लखनऊ में अगले 3 दिन तक आंधी और बारिश की स्थिति का अलर्ट जारी किया है. आज लखनऊ का तापमान 23 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. रविवार यानी 03 मई को राजधानी का अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से 6.1 डिग्री कम था. वहींन्यूनतम तापमान 21.4°C, नमी 56 से 63% के बीच था.

सीएम योगी ने प्रदेश वासियों से की ये अपील

आंधी-पानी की स्थिति में सीएम योगी ने प्रदेशवासियों को सतर्क रहने को कहा गया है. अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है.खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने को कहा है.सरकार की तरफ से आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट रहने को कहा गया है.

लखनऊ से सटे जिलों में भी हो रही जोरदार बारिश

मौसम विभाग ने आज 64 जिलों में आंधी, बारिश और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया है. लखनऊ से सटे बाराबंकी, सीतापुर, उन्नाव और सुल्तानपुर जिले में भी तेज रफ्तार हवाओं के साथ भारी बारिश देखी जा रही है. कई जगहों से पेड़ और खंभों के गिरने की भी खबर आ रही है.

यूपी के इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश और तराई क्षेत्र के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इनमें सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बिजनौर, मुरादाबाद, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और महाराजगंज शामिल है. इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती है. साथ ही ओले भी गिर सकते हैं.

इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने गोरखपुर, लखनऊ, कानपुर, अयोध्या, बरेली और प्रयागराज, पश्चिम उत्तर प्रदेश के जिले मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, मुजफ्फनगर समेत अन्य जिलों को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं बुंदेलखंड क्षेत्र के जिलों के लिए फिलहाल मौसम विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है. यहां मौसम सामान्य रहने की संभावना है.

Follow Us