सपा शुरू करेगी ‘स्मृति सम्मान योजना’, हर महिला को मिलेगा 40 हजार; डिंपल का ऐलान

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं को लेकर सियासी मुकाबला तेज हो गया है. समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव ने महिलाओं के लिए ‘स्मृति सम्मान योजना’ शुरू करने का ऐलान किया है. इसके तहत सपा की सरकार बनने पर गरीब परिवारों की महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये देने का वादा किया गया है. यह घोषणा सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की पहले की घोषणा से जुड़ी है, जिसमें उन्होंने ‘नारी समृद्धि सम्मान योजना’ के तहत महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये देने की बात कही थी.

सपा की महिला नेताओं ने किया ऐलान Image Credit:

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) ने बड़ा ऐलान किया है. बुधवार को लखनऊ में सपा कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सपा की महिला सांसदों और विधायकों ने ‘स्मृति सम्मान योजना’ का ऐलान किया. इस दौरान सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा कि सपा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए इस योजना की शुरुआत करेगी, जिसमें हर महिला को हर साल 40 हजार रुपया मिलेगा, जो हर साल बढ़ेगा.

मैनपुरी से सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा, ‘PDA में आधी आबादी में शामिल हर स्त्री का सम्मान हमारा विचार है, स्त्री को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास होता है, हर स्त्री का सम्मान की गारंटी होनी चाहिए, स्त्री को सामाजिक रूप से अच्छी स्थिति प्रदान होनी चाहिए, आर्थिक रूप से जब स्त्री बलवती होती तो वो घर में आर्थिक योगदान करती… उससे उसका सबलीकरण भी होता… योजना के रूप में इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा और सुधार किया जाएगा.’

डिंपल यादव ने कहा कि इस योजना के जरिए स्त्री के सम्मान और समृद्धि का मार्ग बनाया जाए, सपा सरकार बनने पर हर महिला को 40 हजार दिए जाएंगे, जिसमें हर साल बढ़ोत्तरी होगी. इसके साथ ही सपा ने महिलाओं को लेकर कई बड़े ऐलान किए.

इस दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महिलाओं को लेकर कई बड़े ऐलान किए. उन्होंने कहा कि 2027 में सपा की सरकार बनने पर ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ लागू की जाएगी. इस योजना के तहत महिलाओं को 40 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी. अखिलेश ने दावा किया कि यह राशि सिर्फ एक बार नहीं मिलेगी, बल्कि हर साल इसमें बढ़ोतरी भी की जाएगी.

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का मानना है कि आधी आबादी के बिना तरक्की अधूरी है. उन्होंने कहा कि सपा सरकार के दौरान लिए गए कई फैसले आज भी उदाहरण बने हुए हैं. उन्होंने समाजवादी पेंशन योजना को भी दोबारा लागू करने का भरोसा दिलाया. महिलाओं की सुरक्षा को लेकर अखिलेश ने 1090 को फिर से मजबूत करने की बात कही. उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा. साथ ही पुलिस बल में महिला आरक्षण लागू करने की मांग की.

अखिलेश ने छात्राओं के लिए भी बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि इंटर की परीक्षा पास करने वाली बेटियों को लैपटॉप दिया जाएगा. बीजेपी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उसकी सरकार में नारी केवल नारा बनकर रह गई है. उन्होंने हाथरस कांड और खुशी दुबे के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में बेटियों के साथ सबसे ज्यादा अन्याय हुआ है.

Follow Us