दिव्या मर्डर: 2 दिन रेकी, 30 मिनट में 2 कत्ल और सुसाइड… प्यार से नफरत तक की पूरी कहानी

नौ साल पहले जिस रिश्ते की शुरुआत प्यार से हुई थी... वही रिश्ता आखिरकार तीन मौतों पर खत्म हुआ. एक तरफ तलाक का मुकदमा चल रहा था, दूसरी तरफ आरोप-प्रत्यारोप का दौर था... और 20 अगस्त को पति ने पत्नी की हत्या के बाद अपनी बहन और फिर खुद की जान ले ली. अब पुलिस के सामने चुनौती सिर्फ इस वारदात की कड़ियां जोड़ने की नहीं है... बल्कि उन वजहों की तह तक जाने की भी है, जिन्होंने इस रिश्ते को इस खौफनाक अंजाम तक पहुंचाया.

यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन की हत्या उसके पति ने की Image Credit:

लखनऊ के गोमतीनगर में बैंक मैनेजर दिव्या मिश्रा हत्याकांड में पुलिस की शुरुआती जांच में कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 18 अगस्त को फैमिली कोर्ट में हुई सुनवाई के बाद मानस ने पत्नी और अपनी बहन की हत्या कर खुदकुशी करने का फैसला किया. इसके बाद तीन हथियारों का इंतजाम किया. दो दिन तक पत्नी की रेकी की और फिर महज 30 मिनट के भीतर दो हत्याएं और सुसाइड कर लिया.

लेकिन इस खौफनाक वारदात के पीछे की कहानी सिर्फ 30 मिनट की नहीं है. इसके पीछे है 9 साल की शादी, सालों से चलता विवाद, तलाक का मुकदमा, एलिमनी की मांग और रिश्तों में बढ़ती कड़वाहट. दरअसल, नौ साल पहले दिव्या मिश्रा और मानस वाजपेयी ने लव मैरिज की थी. शुरुआत में सबकुछ ठीक था, लेकिन वक्त के साथ रिश्ते में दरार बढ़ती गई. छोटी-छोटी बातों पर विवाद, फिर दूरी और आखिरकार दोनों अलग रहने लगे.

मानस की मां के बाद फिर चली गई दिव्या

2018 में मानस की मां को कैंसर हुआ तो दिव्या दोबारा ससुराल पहुंचीं, लेकिन इसी दौरान मानस की बहन को साथ रखने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ने लगा. 2019 में मानस की मां की मौत हुई और दिव्या फिर अलग हो गईं. कुछ वक्त बाद दोनों ने दोबारा साथ रहने की कोशिश की, लेकिन रिश्ता फिर संभल नहीं पाया. 2025 में मानस की बहन को लेकर विवाद एक बार फिर बढ़ा. दिव्या का कहना था कि वो मानस की बहन के साथ नहीं रहेंगी.

2026 में फैमिली कोर्ट पहुंचा मामला

वहीं मानस बहन को अकेला छोड़ने के लिए तैयार नहीं था. इसके बाद नवंबर 2025 में दिव्या ने घर छोड़ दिया. दोनों के बीच बातचीत से रिश्ता बचाने की कोशिश हुई, लेकिन बात नहीं बनी और फिर जनवरी 2026 में मामला फैमिली कोर्ट पहुंच गया. दिव्या ने तलाक का मुकदमा दाखिल कर दिया. अब आती है इस पूरी कहानी की सबसे अहम तारीख 18 अगस्त 2026. फैमिली कोर्ट में तलाक के मामले की सुनवाई थी.

डेढ़ करोड़ एलिमनी की मांग

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इसी दौरान पति-पत्नी के बीच एलिमनी यानी गुजारा-भत्ते को लेकर विवाद हुआ. जांच में सामने आया है कि दिव्या की तरफ से करीब डेढ़ करोड़ रुपये एलिमनी की मांग किए जाने की बात सामने आई. यही वो मोड़ था, जिसके बाद पुलिस को शक है कि मानस ने खौफनाक प्लान तैयार किया. हालांकि, एलिमनी की रकम और उससे जुड़े दावों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी.

2 दिन की रेकी के बाद वारदात

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, फैमिली कोर्ट की सुनवाई के बाद मानस ने पत्नी दिव्या और अपनी बहन की हत्या के बाद खुदकुशी करने की योजना बनाई. इसके लिए उसने तीन हथियारों का इंतजाम किया. पुलिस के मुताबिक इनमें दो 9 एमएम पिस्टल और एक तमंचा शामिल था. तीनों हथियार बरामद किए जा चुके हैं. इसके बाद शुरू हुई दिव्या की रेकी. करीब दो दिन तक मानस ने पत्नी की गतिविधियों पर नजर रखी और फिर आया 20 अगस्त का वो दिन.

CCTV में कैद सारी वारदात

गुरुवार… दोपहर करीब 12 बजे… मानस ऑटो से सीधे पहुंचा गोमतीनगर के ICICI बैंक के पास… दिव्या उस वक्त बैंक में थीं. मानस ने उन्हें फोन किया और बाहर बुलाया… दिव्या बैंक से बाहर आईं और फिर जो हुआ… वो CCTV कैमरे में कैद हो गया. CCTV में दिखाई देता है कि दोनों के बीच विवाद हुआ. आरोप है कि मानस ने दिव्या के साथ मारपीट की. बैंक के गार्ड और कर्मचारी दिव्या को बचाने के लिए आगे बढ़े, लेकिन तभी मानस ने पिस्टल निकाली.

दिव्या की हत्या करके घर पहुंचा था मानस

और दिव्या के सिर पर गोली चला दी. गोली लगते ही दिव्या जमीन पर गिर गईं. मानस वहां से भाग निकला और इसके बद महज कुछ मिनटों में कहानी ने दूसरा खौफनाक मोड़ लिया. दिव्या की हत्या के बाद मानस ऑटो से करीब दो किलोमीटर दूर अपने घर पहुंचा. कमरे का दरवाजा बंद किया. पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, उसने टीवी पर तेज आवाज में हनुमान चालीसा चला दी. घर में उसकी बहन तूलिका मौजूद थी. मानस ने बहन के सिर में गोली मार दी.

हत्या के बाद लगाया स्टेटस

और फिर अपनी कनपटी पर गोली मारकर खुदकुशी कर ली. करीब 30 मिनट के भीतर तीन जिंदगियां खत्म हो गईं. पुलिस ने मौके से तीन हथियार बरामद किए हैं. अब जांच इस बात की भी हो रही है कि ये हथियार मानस ने कहां से हासिल किए थे. खुदकुशी से पहले और पत्नी की हत्या के बाद मानस ने WhatsApp पर एक स्टेटस लगाया, जिसमें उसने पत्नी पर धोखा देने का आरोप लगाया और खुद को और अपनी बहन को मारने की बात लिखी.

परिवार ने आरोपों को खारिज किया

इस स्टेटस में दिव्या की बहन प्रज्ञा मिश्रा और उनके पति भारत यादव का भी जिक्र किया गया, लेकिन दिव्या के परिवार ने इन आरोपों को खारिज किया है. परिजनों का कहना है कि मानस का व्यवहार पिछले कुछ समय से सामान्य नहीं था. अब पुलिस WhatsApp स्टेटस को भी जांच का अहम हिस्सा मान रही है.

‘दिव्या और मानस का कई साल से विवाद चल रहा था… करीब एक साल पहले कोर्ट केस फाइल हो चुका था… बैंक पहुंचने के बाद मानस ने उसे बुलाया और माथे पर गोली मार दी… सोशल मीडिया पर जो आरोप लगाए गए हैं, प्रज्ञा और भारत को लेकर, वो गलत हैं…’

दिव्या की बहन और यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा ने मानस पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं. प्रज्ञा का दावा है कि उनकी बहन लंबे समय से मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेल रही थीं. उन्होंने आरोप लगाया कि मानस दिव्या का पीछा करता था और कुछ दिन पहले तनाव की वजह से दिव्या का एक्सीडेंट भी हुआ था. प्रज्ञा के मुताबिक, हादसे में दिव्या के हाथ और पैर में चोट आई थी. इसके बावजूद उन्होंने दोबारा ऑफिस जाना शुरू किया था.

प्रज्ञा ने क्या कहा?

प्रज्ञा ने बताया कि दिव्या मानस से अलग होना चाहती थीं, लेकिन कहीं न कहीं उन्हें उम्मीद थी कि रिश्ता सुधर सकता है. दिव्या ने अपने हाथ पर मानस के नाम का टैटू भी बनवा रखा था. प्रज्ञा के मुताबिक, इतना सब होने के बावजूद दिव्या चाहती थीं कि शायद सब ठीक हो जाए, लेकिन 20 अगस्त को वो उम्मीद हमेशा के लिए खत्म हो गई… मानस से अलग होने के बाद दिव्या अपने मायके में रहने लगी थीं. आलमबाग के श्रृंगार नगर में उनका मायका था.

कुछ समय पहले उन्होंने पारा के बुद्धेश्वर में अपना मकान भी बनवाया था. वहीं मानस अपनी बहन तूलिका के साथ हुसड़िया चौराहे के पास किराए के मकान में रहता था. मानस के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी. वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी सिर्फ एक बहन थी, जिसकी भी अब हत्या हो चुकी है.

पुलिस के सामने ये सवाल

अब पुलिस के सामने कई सवाल हैं… क्या 18 अगस्त की फैमिली कोर्ट की सुनवाई के बाद ही मानस ने हत्या का फैसला किया? डेढ़ करोड़ रुपये एलिमनी की मांग का दावा कितना सही है? तीन हथियार उसने कहां से हासिल किए? क्या हत्या की पूरी प्लानिंग पहले से थी? दो दिन तक उसने दिव्या की रेकी कैसे की? और WhatsApp स्टेटस में लगाए गए आरोपों की सच्चाई क्या है? इन सभी सवालों के जवाब पुलिस की जांच में सामने आएंगे…

Follow Us