‘पत्नी को मार डाला, वो धोखा दे रही थी…’ खूनी खेल से पहले बैंकर पति का WhatsApp स्टेटस

लखनऊ के गोमतीनगर में ICICI बैंक की रिलेशनशिप मैनेजर दिव्या मिश्रा की हत्या के मामले में आरोपी पति मानस उर्फ मानव वाजपेयी के WhatsApp स्टेटस से नया खुलासा हुआ है. पुलिस के मुताबिक, वारदात से पहले लगाए गए स्टेटस में मानस ने पत्नी की हत्या करने और इसके बाद खुद व अपनी बहन की जान लेने की बात लिखी थी. गुरुवार को बैंक के बाहर बातचीत के दौरान उसने दिव्या पर दो गोलियां चलाईं. इसके बाद घर पहुंचकर बहन को गोली मारने के बाद खुदकुशी कर ली.

दिव्या मिश्रा की हत्या के बाद पति मानस ने स्टेटस लगाया Image Credit:

लखनऊ के गोमतीनगर में ICICI बैंक की रिलेशनशिप मैनेजर दिव्या मिश्रा की हत्या के मामले में अब एक बेहद सनसनीखेज जानकारी सामने आई है. पत्नी की हत्या और इसके बाद अपनी बहन को गोली मारकर खुदकुशी करने से पहले आरोपी पति मानस उर्फ मानव वाजपेयी ने WhatsApp पर एक स्टेटस लगाया था. इस स्टेटस में उसने पत्नी की हत्या करने की बात लिखने के साथ खुद और अपनी बहन की जान लेने की बात भी कही थी.

पुलिस के मुताबिक, दिव्या और मानस के बीच काफी समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था और मामला फैमिली कोर्ट तक पहुंच चुका था. गुरुवार को मानस गोमतीनगर स्थित ICICI बैंक पहुंचा और बातचीत के दौरान पत्नी पर गोली चला दी. इसके बाद वह मौके से निकल गया. बाद में उसने अपनी बहन की हत्या की और खुद को भी गोली मार ली. तीनों के सिर में गोली लगी है. पुलिस ने घर से तीन पिस्टल बरामद किए हैं.

वारदात से पहले लगाया WhatsApp स्टेटस

आरोपी के WhatsApp स्टेटस ने इस पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है. आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, मानस ने स्टेटस में पत्नी पर धोखा देने का आरोप लगाया और लिखा कि उसने अपनी पत्नी को मार डाला है. इसके बाद उसने खुद को और अपनी बहन को मारने की बात भी कही. स्टेटस में उसने पत्नी की बहन और एक अन्य व्यक्ति का भी जिक्र किया था. इससे संकेत मिलता है कि आरोपी ने वारदात को अंजाम देने से पहले ही अपने इरादे जाहिर कर दिए थे.

बैंक के बाहर पत्नी को मारी दो गोलियां

गुरुवार सुबह दिव्या मिश्रा अपनी ड्यूटी के लिए गोमतीनगर स्थित ICICI बैंक पहुंची थीं. पुलिस के मुताबिक, मानस टेंपो से बैंक के पास पहुंचा था. दोनों के बीच बातचीत हुई और इसी दौरान उसने पिस्टल से दिव्या पर दो गोलियां चला दीं. गंभीर रूप से घायल दिव्या को लोहिया संस्थान ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. वारदात के बाद आरोपी ऑटो से मौके से फरार हो गया. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि घटना गोमतीनगर थाने के बेहद करीब हुई. बैंक के बाहर दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी.

पत्नी की हत्या के बाद बहन को भी मारा

बैंक के बाहर दिव्या की हत्या करने के बाद मानस अपने घर पहुंचा. वहां उसने अपनी बहन को भी गोली मार दी. इसके बाद उसने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. पुलिस ने आरोपी के घर से तीन हथियार बरामद किए हैं. मामले की जांच के दौरान फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. इस तरह एक ही घटनाक्रम में दिव्या मिश्रा, उनकी ननद और आरोपी पति मानस की मौत हो गई.

फैमिली कोर्ट तक पहुंच चुका था पति-पत्नी का विवाद

पुलिस के अनुसार, दिव्या और मानस के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था. मामला फैमिली कोर्ट में भी विचाराधीन था. पुलिस शुरुआती तौर पर इसी आपसी रंजिश को वारदात की अहम वजह मानकर जांच कर रही है. हालांकि, पति ने WhatsApp स्टेटस में पत्नी पर जो आरोप लगाए, वे उसकी ओर से लगाए गए दावे हैं. उनकी सत्यता पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी.

CCTV और फोरेंसिक जांच से जुटाए जा रहे सुराग

घटना के बाद पुलिस ने बैंक के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली है. मौके से गोली के खोखे भी बरामद किए गए हैं. फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. दिव्या के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पुलिस अब यह भी जांच रही है कि आरोपी बैंक तक कैसे पहुंचा, उसके पास हथियार कहां से आया और वारदात के बाद उसके घर तक पहुंचने के बीच क्या-क्या हुआ.

Follow Us