लखनऊ में भीषण गर्मी का तांडव! लू को देखते हुए कल से सभी स्कूलों में समर वेकेशन का ऐलान
लखनऊ में भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए जिलाधिकारी ने कल से सभी स्कूलों में ग्रीष्मावकाश घोषित कर दिया है. यह आदेश बच्चों के स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए जारी किया गया, क्योंकि कुछ विद्यालय अभी भी खुले थे. यह प्रदेश की राजधानी में स्थित सभी शैक्षिक बोर्डों के स्कूलों पर लागू होगी.
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भीषण गर्मी और लू को देखते प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है. लखनऊ के जिलाधिकारी विशाख जी. ने गुरुवार को सभी बोर्डो के स्कूलों में 22 मई से ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित कर दिया है. यह आदेश बच्चों के स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जारी किया गया है, क्योंकि कुछ विद्यालय अभी भी छात्रों के लिए खुले थे.
उत्तर प्रदेश इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है. बनारस से लेकर लखनऊ तक आसमान से आग बरस रही है. भारतीय मौसम विभाग ने भी इसको लेकर अलर्ट जारी कर रखा है. साथ ही जन सामान्य को गर्मी एवं लू से बचाव के सुझाव दिए हैं. इस बीच डीएम विशाख जी. ने राजधानी के समस्त बोर्डों के स्कूलों को समर वेकेशन घोषित करने के निर्देश दिए हैं.
आदेश का पालन न करने पर होगी कार्रवाई
लखनऊ के जिलाधिकारी की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि वर्तमान समय में लखनऊ में भीषण गर्मी एवं लू का प्रकोप जारी है. मौसम विभाग द्वारा भी लोगों को गर्मी एवं लू से बचाव के सुझाव दिये गये हैं. लखनऊ में कतिपय विद्यालयों द्वारा अभीभी ग्रीष्मावकाश घोषित नहीं किया गया है, जिससे बच्चों का स्वास्थ्य प्रभावित होने की संभावना है.
इसी लिए मौसम विभाग द्वारा दिए गए चेतावनी एवं छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुये लखनऊ में समस्त शैक्षिक बोर्ड द्वारा संचालित समस्त विद्यालयों में दिनांक 22 मई 2026 से ग्रीष्मावकाश घोषित किया जाता है. यह आदेश जिले में स्थित CBSE और ICSE समेत सभी बोर्डों पर लागू होगा. इसका पालन न करने पर कार्रवाई के निर्देश हैं.
सरकारी स्कूलों में 20 मई से 15 जून तक छुट्टी
हालांकि, यूपी के सभी परिषदीय, मान्यता प्राप्त और सरकारी स्कूलों में पहले ही समर वेकेशन दे दिया गया है. प्राथमिक और उच्च माध्यमिक स्कूलों में कक्षाओं को 20 मई से 15 जून 2026 तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित है. वहीं, अब लखनऊ जिला प्रशासन ने समस्त बोर्डों के स्कूलों को भी बंद करने का आदेश जारी कर दिया गया है.