गंगा एक्सप्रेस-वे से सीधे ग्रेटर नोएडा होगा कनेक्ट, 105 मीटर चौड़ी सड़क बनेगी, ये है रूट
नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोगों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है. अब गंगा एक्सप्रेसवे तक पहुंचना पहले से कहीं ज्यादा आसान होने वाला है. नोएडा-ग्रेटर नोएडा को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए 105 मीटर चौड़ी सड़क के निर्माण को मंजूरी मिल गई है. इस नई सड़क के बनने से लोगों […]
नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोगों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है. अब गंगा एक्सप्रेसवे तक पहुंचना पहले से कहीं ज्यादा आसान होने वाला है. नोएडा-ग्रेटर नोएडा को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए 105 मीटर चौड़ी सड़क के निर्माण को मंजूरी मिल गई है. इस नई सड़क के बनने से लोगों को मेरठ, प्रयागराज और पूर्वांचल की ओर जाने के लिए लंबे ट्रैफिक जाम से जूझना नहीं पड़ेगा. नोएडा और ग्रेटर नोएडा से गंगा एक्सप्रेसवे की दूरी महज 45 मिनट में पूरी होगी.
सेक्टर अल्फा 2 से गंगा एक्सप्रेसवे तक बनेगा कॉरिडोर
अधिकारियों के मुताबिक, प्रस्तावित सड़क ग्रेटर नोएडा के सेक्टर अल्फा 2 से शुरू होकर सीधे गंगा एक्सप्रेसवे तक जाएगी. इस सड़क को भविष्य का बड़ा कनेक्टिविटी कॉरिडोर माना जा रहा है. इसका निर्माण कार्य भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग (NHAI) द्वारा किया जाएगा, जबकि जमीन उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को सौंपी गई है. इसपरियोजना को दो चरणों में पूरा किया जाएगा.
पहले चरण में जुनपत गांव से बील अकबरपुर तक करीब साढ़े पांच किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी. यह सड़क सीधे ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे से जुड़ जाएगी. इसके लिए करीब 118 एकड़ जमीन की आवश्यकता बताई गई है. वहीं दूसरे चरण में इस मार्ग को न्यू नोएडा और ग्रेटर नोएडा फेज 2 से जोड़ते हुए हापुड़ बाईपास तक विकसित किया जाएगा.
हापुड़ बायपास और NH-9 से मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी
नई सड़क को हापुड़ बायपास और NH-9 से भी जोड़ा जाएगा. वर्तमान में 105 मीटर चौड़ी सड़क जुनपत तक बनाई गई है, जिसे आगे करीब 37 किलोमीटर तक विस्तार देकर गंगा एक्सप्रेस-वे से कनेक्ट किया जाएगा. इसके तहत करीब 15 किलोमीटर लंबा नया लिंक रोड भी तैयार किया जाएगा, जिससे पश्चिमी यूपी और पूर्वांचल की कनेक्टिविटी को और मजबूती मिलेगी. अधिकारियों के मुताबिक, इस परियोजना में सबसे बड़ी अड़चन जमीन अधिग्रहण को लेकर थी.
बताया जा रहा है कि आंचल हाइटेक सिटी प्रोजेक्ट के कारण सड़क निर्माण में परेशानी आ रही थी. अब प्रोजेक्ट कैंसिल होने के बाद जमीन अधिग्रहण का रास्ता साफ हो गया है. इस सड़क के बनने से नोएडा, ग्रेटर नोएडा, न्यू नोएडा, हापुड़ और पूर्वांचल की ओर यात्रा करने वाले लाखों लोगों को फायदा मिलेगा. अधिकारियों के मुताबिक, यह परियोजना आने वाले समय में नोएडा और ग्रेटर नोएडा की कनेक्ट कनेक्टिविटी को नई पहचान देने का काम करेगी.
