अब बस करो बदरा! लखनऊ से गोरखपुर तक बारिश से हाहाकार, 50 घंटे में 40 मौत… कब मिलेगी राहत?
उत्तर प्रदेश में लगातार 60 घंटों से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. लखनऊ और आसपास के जिलों में जलभराव की वजह से सड़कें जलमग्न हैं, वहीं प्रदेश भर में हुए अलग-अलग हादसों में 40 लोगों की मौत हो चुकी है.
हथिया नक्षत्र में हो रही बारिश ने उत्तर प्रदेश में जमकर कहर बरपाया है. बीते 24 घंटे में राजधानी लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में भारी बारिश हुई है. लखनऊ में तो बीते 60 घंटे से बारिश का दौर अब तक नहीं थमा है. मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान प्रदेश के कई इलाकों तेज आंधी तूफान के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी घटनाएं हुई है. इससे प्रदेश में जानमाल का काफी नुकसान भी हुआ है.
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों में सर्वाधिक बारिश बहराइच, फर्रुखाबाद शाहजहांपुर, हमीरपुर, बांदा, कानपुर में हुई है. मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक गहन अवदाब का असर अब धीरे-धीरे कम हो रहा है. इसकी वजह से आज से मध्य यूपी और दक्षिणी यूपी में बारिश बंद हो जाएगी. हालांकि तराई वाले इलाकों में आज भी बारिश हो सकती है.
सोमवार से मिलेगी राहत
मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार यानी 28 सितंबर से मौसम ड्राई होने लगेगा. आंकड़ों के मुताबिक महज 24 घंटे में ही यूपी में 1845 प्रतिशत से भी अधिक बारिश हुई है. मौसम विभाग के मुताबिक इस मानसून सीजन में सर्वाधिक बारिश बहराइच में 193 एमएम दर्ज हुई है. वहीं बांदा में 153, फर्रुखाबाद में 139, कन्नौज में 137, कानपुर नगर में 111, लखीमपुर खीरी में 163, लखनऊ में 125, श्रावस्ती में 127, हमीरपुर में 164, महोबा में 137, शाहजहांपुर में 162 एमएम रिकॉर्ड हुई है. मौसम विभाग ने आज लखनऊ में बारिश थमने की संभावना व्यक्त की है. हालांकि आसमान में बादल छाए रहेंगे.
पानी-पानी राजधानी
लखनऊ में करीब 60 घंटों से हो रही लगातार बारिश की वजह से जगह जगह जलभराव हो गया है. शहर के जानकीपुरम, आशियाना, रुचि खंड, रश्मि खंड, सरोजिनी नगर, गोमती नगर समेत कई पॉश इलाकों में भी सड़कें जलमग्न हैं. आशियाना इलाके में तो लोगों घरों तक में बरसानी पानी घुस गया है. इसकी वजह से जन जीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है.
काल बनी बारिश
यूपी में हो रही बारिश के दौरान अलग अलग हादसों में गोरखपुर में 5 लोगों की मौत हुई है. वहीं फतेहपुर में मकान ढहने से आठ साल के बच्चे की मौत हो गई. इसी प्रकार बांदा में भी मकान गिरने से 70 साल की बुजुर्ग महिला की मौत हो गई है. गोंडा में बाइक के ऊपर पेड़ गिरने से दो की मौत हो गई. इसी प्रकार, लखीमपुर खीरी और बाराबंकी में हुए अलग अलग हादसों में 3-3 लोगों की मौत हुई है. वहीं बस्ती में एक, अमेठी और हमीरपुर में दो-दो लोगों की मौत हुई है. इसी प्रकार अन्य जिलों में भी मौतें हुई है.
