IAS रिंकू सिंह राही ने क्यों दिया इस्तीफा? राष्ट्रपति को भेजे पत्र में योगी सरकार पर लगाए ये आरोप

2022 बैच के IAS रिंकू सिंह राही ने सरकार पर काम न देने और साइडलाइन करने का आरोप लगाते हुए इस्तीफा दे दिया है. शाहजहांपुर में वकीलों के सामने उठक-बैठक का वीडियो सामने आने के बाद उन्हें राजस्व परिषद से अटैच कर दिया गया था. राही ने पहले एक बड़ा घोटाला उजागर किया था और जानलेवा हमले का सामना भी किया था.

आईएएस रिंकू सिंह राही

शाहजहांपुर में वकीलों के सामने उठक-बैठक लगाकर सुर्खियों में आए 2022 बैच के आईएएस अफसर रिंकू सिंह राही ने इस्तीफा दे दिया है. उसी घटना के बाद रिंकू सिंह राही को राजस्व परिषद से अटैच कर दिया गया था. पोस्टिंग का इंतजार कर रहे आईएएस रिंकू सिंह राही ने इस्तीफा देने के बाद कहा कि उन्हें काम करने का मौका नहीं मिला. उन्होंने प्रदेश सरकार पर पोस्टिंग नहीं देने का आरोप लगाया.

कहा कि न कोई पोस्टिंग और न भी कोई कार्य आवंटन किया गया. ऐसे में वह कब तक इंतजार करें. बता दें कि प्रोबेशन पीरियड के दौरान हाल ही में रिंकू सिंह राही शाहजहांपुर में बतौर एसडीएम तैनात थे. वहां वकीलों के बवाल के दौरान उन्होंने वकीलों के सामने उठक बैठक लगाई थी. इस मामले को प्रदेश सरकार ने बेहद गंभीर माना और तुरंत उन्हें राजस्व परिषद लखनऊ से अटैच कर दिया था.

सरकार पर लगाए आरोप

आईएएस रिंकू सिंह राही ने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि SDM रहते हुए उनके ऊपर पहले कार्रवाई हुई और बाद में उन्हें साइडलाइन कर दिया गया. अब उन्हें न पोस्टिंग दी गई और न ही कोई गरिमापूर्ण कार्य आवंटित किया जा रहा है. कहा कि उन्हें काम करने का मौका ही नहीं दिया जा रहा. इस समय संवैधानिक व्यवस्था के समानांतर एक अलग तरह का सिस्टम चल रहा है. राष्ट्रपति को भेजे अपने इस्तीफे में उन्होंने कहा कि उन्हें वेतन तो मिल रहा है, लेकिन जनसेवा का मौका नहीं.

हो चुकी है हत्या की कोशिश

रिंकू सिंह राही साल 2009 में मुजफ्फरनगर में बतौर समाज कल्याण अधिकारी तैनात थे. इस दौरान उन्होंने विभाग में एक बड़े घोटाले का खुलासा किया था. इसके बाद भ्रष्टाचारियों ने उनकी हत्या की साजिश रची और उनके ऊपर जानलेवा हमला कराया. इस हमले में रिंकू सिंह को सात गोलियां लगी और वह। गंभीर रूप से घायल हो गए थे. हालांकि डॉक्टरों के प्रयास से उनकी जान बच गई थी. इस हमले के बाद भी वह हिम्मत नहीं हारे और अपनी लड़ाई जारी रखी. समाज कल्याण अधिकारी रहते हुए ही साल 2023 में उनका चयन आईएएस के लिए हुआ था.

Follow Us